
‘गलत प्रधानमंत्री होता तो इजरायल का अस्तित्व ही नहीं बचता’, ट्रंप ने नेतन्याहू के पढ़े कसीदे
इजरायल और हमास ने अक्टूबर में युद्धविराम समझौता किया था, लेकिन उल्लंघनों की घटनाएं बार-बार हुई हैं और लंबे समय के लक्ष्यों पर कोई खास प्रगति नहीं हुई। नेतन्याहू ने कहा कि ट्रंप ने उन्हें बातचीत के लिए आमंत्रित किया था।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू फ्लोरिडा पहुंचे हैं, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान नेतन्याहू की तारीफ में ट्रंप कसीदे पढ़ते नजर आए। उन्होंने नेतन्याहू को युद्धकालीन प्रधानमंत्री कहकर संबोधित किया, जो शानदार काम कर रहे हैं। ट्रंप ने नेतन्याहू के लिए कहा, 'वे युद्धकालीन प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने शानदार काम किया है। उन्होंने इजरायल को बहुत खतरनाक दौर से बाहर निकाला है।'
राष्ट्रपति ट्रंप ने आगे कहा, 'सच कहूं तो इजरायल का इस वक्त अस्तित्व भी नहीं होता। यह एक बड़ा बयान है, लेकिन मुझे लगता है कि अगर गलत प्रधानमंत्री होता तो इजरायल मौजूद नहीं होता।' ट्रंप की ये बातें सुनकर उनके बगल में खड़े नेतन्याहू मुस्कुराते हुए सिर हिलाते नजर आए। ट्रंप ने यह भी कहा कि गाजा युद्धविराम योजना के दूसरे चरण में जाने से पहले हमास को हथियारों से मुक्त करना होगा।
गाजा युद्धविराम योजना पर बातचीत
डोनाल्ड ट्रंप गाजा युद्धविराम योजना के अगले चरण की ओर बढ़ने के लिए दबाव बनाने में लगे हुए हैं। इजरायल और फिलिस्तीनी उग्रवादी समूह हमास ने अक्टूबर में युद्धविराम समझौता किया था, लेकिन उल्लंघनों की घटनाएं बार-बार हुई हैं और लंबे समय के लक्ष्यों पर कोई खास प्रगति नहीं हुई है। नेतन्याहू ने इस महीने कहा कि ट्रंप ने उन्हें बातचीत के लिए आमंत्रित किया था।
वाशिंगटन फिलिस्तीनी इलाके के लिए अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल स्थापित करने की कोशिश कर रहा है, जबकि इजरायल इस पर आगे बढ़ने में अनिच्छुक है। अमेरिका ने अपने लंबे समय के सहयोगी से जुड़े 3 युद्धविराम कराए हैं। ये इजरायल और हमास, इजरायल और ईरान, इजरायल और लेबनान के बीच थे। लेकिन, नेतन्याहू सतर्क हैं कि युद्ध में काफी कमजोर हुए इजरायल के दुश्मन अपनी ताकत फिर से न बना लें।

लेखक के बारे में
Niteesh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




