
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ लगाकर गलत किया, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम का बड़ा बयान
ट्रंप के टैरिफ को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम टोनी एबॉट ने गलत बताया है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि टैरिफ बहुत बड़ा झटका है, लेकिन लोकतांत्रिक देशों के साथ भारत के बुनियादी हितों और मूल्यों को देखते हुए मुझे लगता है कि यह एक टेम्परेरी झटका होगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान भारत समेत कई देशों के साथ अपने संबंधों को टैरिफ लगाकर खराब कर दिया। अब ट्रंप के इस फैसले को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने भी गलत बताया है।

उन्होंने कहा कि मैं ट्रंप का समर्थक हूं, लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने भारत पर टैरिफ लगाकर गलत काम किया है, जबकि दूसरे देश भी चीटिंग कर रहे हैं, जैसे चीन। लेकिन उसके साथ ऐसा बर्ताव नहीं हुआ।'' उल्लेखनीय है कि ट्रंप ने भारत पर कुल 50 फीसदी का टैरिफ लगाया है, जिसमें 25 फीसदी एक्स्ट्रा टैरिफ रूस से तेल आयात करने को लेकर है।
एनडीटीवी वर्ल्ड समिट में बोलते हुए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम टोनी एबॉट ने पाकिस्तान और अमेरिका के हाल के दिनों में करीब आने को लेकर भी निशाना साधा और बताया कि अमेरिका का फायदा पाकिस्तान के साथ नहीं, बल्कि भारत के साथ मजबूत दोस्ती करने में है।
उन्होंने कहा, ''कोल्ड वॉर के दौरान अमेरिका ने जो बड़ी गलतियां कीं, उनमें से लगातार पाकिस्तान की तरफ झुकना था, जबकि भारत एक लिबरल डेमोक्रेसी है और पाकिस्तान मिलिट्री तानाशाही।'' उन्होंने कहा कि पिछले 20 सालों से अमेरिकी बहुत समझदारी से इसे ठीक करने की कोशिश कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि टैरिफ बहुत बड़ा झटका है, लेकिन लोकतांत्रिक देशों के साथ भारत के बुनियादी हितों और मूल्यों को देखते हुए मुझे लगता है कि यह एक टेम्परेरी झटका होगा और उम्मीद है कि जल्दी ही इसे ठीक कर लिया जाएगा।'' वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने यह भी कहा कि 21वीं सदी भारत की है और देश का प्रधानमंत्री - चाहे वह चार या पांच दशक बाद कोई भी हो - अमेरिका के राष्ट्रपति से स्वतंत्र दुनिया के नेता की जिम्मेदारी ले सकता है।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




