Hindi Newsविदेश न्यूज़Donald Trump Gaza Peace Deal Update Netanyahu Israeli troop withdrawal line agreed Hamas
3000 साल की तबाही खत्म? गाजा पीस डील को लेकर ट्रंप, बोले- इजरायल वापसी लाइन पर राजी

3000 साल की तबाही खत्म? गाजा पीस डील को लेकर ट्रंप, बोले- इजरायल वापसी लाइन पर राजी

संक्षेप: Trump Gaza Peace Deal Update: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इजरायल वापसी लाइन पर आने के लिए राजी हो गया है। उन्होंने इस फैसले को हमास के साथ साझा किया है, जैसे ही हमास इस पर राजी हो जाता है तुरंत ही सीजफायर लागू हो जाएगा।

Sun, 5 Oct 2025 02:36 AMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का गाजा पीस प्लान इन दिनों दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। शनिवार को ट्रंप ने इस प्लान की सफलता का संकेत देते हुए कहा कि बातचीत के बाद इजरायल वापसी रेखा पर सहमत हो गया है। इतना ही नहीं ट्रंप ने कहा कि फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। अब जैसे ही हमास इस बात पर अपनी मुहर लगाता है, वैसे ही सीजफायर लागू हो जाएगा और फिर बंधकों का आदान-प्रदान होगा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर अपनी बात रखते हुए ट्रंप ने कहा, "बातचीत के बाद इजरायल वापसी की लाइन पर सहमत हो गया है। इस लाइन को हमने हमास को दिखाया है और उनके साथ साझा किया है। अब जैसे ही हमास इस पर अपनी मुहर लगा देता है, तो फिर तुरंत ही युद्ध विराम प्रभावी हो जाएगा। बंधकों और कैदियों की अदला-बदली शुरू हो जाएगी और फिर हम वापसी के अगले चरण के लिए परिस्थितियां तैयार करने में जुट जाएंगे, जो कि हमें इस 3000 साल की तबाही के अंत के करीब ले जाएगा।"

इससे पहले ट्रंप ने शुक्रवार को गाजा को चेतावनी देते हुए प्रस्ताव को स्वीकार करने या फिर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा था। ट्रंप की इस धमकी के कुछ समय बाद ही हमास की तरफ से इस प्रस्ताव के कुछ बिंदुओं को छोड़कर बाकी बातों पर अपनी रजामंदी जता दी थी।

इसके बाद ट्रंप ने इस प्रस्ताव को तैयार करने में शामिल सभी देशों का धन्यवाद देते हुए इजरायल से तुरंत गाजा में बमबारी रोकने की अपील की थी ताकि बंधकों को सुरक्षित रूप से बाहर लाया जा सके।

शनिवार को ट्रंप ने बमबारी रोकने के लिए इजरायल की सराहना भी की थी। उन्होंने लिखा, "मैं इस बात की सराहना करता हूँ कि इज़राइल ने बंधकों की रिहाई और शांति समझौते को पूरा करने का मौका देने के लिए बमबारी अस्थायी रूप से रोक दी है। हमास को जल्द से जल्द कदम उठाना होगा, वरना सारी उम्मीदें धरी की धरी रह जाएँगी। मैं देरी बर्दाश्त नहीं करूँगा, जैसा कि कई लोगों को लगता है कि होगा, या ऐसा कोई भी नतीजा जहाँ गाजा फिर से ख़तरा पैदा करे। आइए इसे जल्द से जल्द पूरा करें। सभी के साथ उचित व्यवहार किया जाएगा!"

इससे पहले इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी ट्रंप पीस प्रस्ताव को लेकर अपनी सहमति दिखाई। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सभी बंधकों की रिहाई की घोषणा कर दी जाएगी। सोमवार को इजिप्ट में हमास के साथ अप्रत्यक्ष रूप से बातचीत होनी है, जिसमें युद्ध को समाप्त करने के लिए आगे की योजना पर चर्चा होगी।

आपको बता दें राष्ट्रपति ट्रंप के प्रस्ताव पर फिलहाल वैश्विक नेता और इजरायल और हमास दोनों ही सहमत होते नजर आ रहे हैं। हालांकि हिजबुल्लाह जैसे समूह ने ट्रंप के इस प्रस्ताव को फिलिस्तीनी लोगों के लिए खतरनाक बताया है। हिजबुल्लाह की तरफ से कहा गया कि ट्रंप का यह प्रस्ताव इजरायल के उसी लक्ष्य की पूर्ति करता है, जिसे वह भयंकर सैन्य अभियानों और गाजा के नरसंहार के बाद भी हासिल नहीं कर पाए।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak
उपेन्द्र पिछले कुछ समय से लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर ट्रेनी कंटेंट प्रोड्यूसर जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली (2023-24 बैच) से पूरी की है। इससे पहले भोपाल के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से अपना ग्रैजुएशन पूरा किया। मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले हैं। अंतर्राष्ट्रीय संबंधों, राजनीति के साथ-साथ खेलों में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।