चुनाव हार रहे डोनाल्ड ट्रंप? कर दिया 'रेवड़ी' बांटने का ऐलान, हर अमेरिकी को देंगे 5000 डॉलर
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि नवंबर के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन कांग्रेस पर नियंत्रण बनाए रखते हैं तो हर अमेरिकी वयस्क को 5 हजार डॉलर का ‘Trump Dividend’ दिया जाएगा। इस योजना पर करीब 1.35 ट्रिलियन डॉलर खर्च होने का अनुमान है।

भारत की तरह अमेरिका में भी चुनाव जीतने के लिए रेवड़ी सिस्टम की शुरुआत हो चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बड़ा चुनावी वादा किया। उन्होंने कहा कि अगर नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस (संसद) पर अपना नियंत्रण बरकरार रखती है तो वह हर जवान अमेरिकी नागरिक को 5,000 डॉलर का ‘ट्रंप डिविडेंड’ देंगे। करीब 27 करोड़ अमेरिकी वयस्कों को यह रकम देने पर लगभग 1.35 ट्रिलियन डॉलर खर्च होने का अनुमान है। हालांकि, ट्रंप के इस प्रस्ताव को लागू करने का तरीका क्या होगा और क्या इस तरह का भुगतान कानूनी रूप से संभव है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
रिपब्लिकन के पहले मिडटर्म कन्वेंशन में ट्रंप का बड़ा ऐलान
ट्रंप ने यह घोषणा अपनी रिपब्लिकन पार्टी के पहले मिडटर्म कन्वेंशन में की। टेक्सास के डलास में हो रहे दो दिवसीय सम्मेलन में ट्रंप ने करीब एक घंटे 45 मिनट का भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के पहले दो वर्षों को “राष्ट्रपति पद के इतिहास के सबसे महान दो साल” बताया। उनका भाषण पूरी तरह चुनावी अंदाज में नजर आया और उन्होंने खुद को नवंबर में होने वाले चुनाव के केंद्र में रखा।
ट्रंप ने रिपब्लिकन समर्थकों से कहा कि अगर डेमोक्रेट्स को सत्ता मिलती है तो देश को अगले दशक तक खुद को संभालने में लगाना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से रिपब्लिकन उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की।
ट्रंप ने कहा- ‘मान लीजिए मैं ही बैलेट पर हूं’
ट्रंप ने अपने भाषण में समर्थकों से कहा, “मैं आपसे कह रहा हूं कि मान लीजिए कि मैं बैलेट पर हूं।” उन्होंने नवंबर के चुनाव से पहले अहम मुकाबले वाले राज्यों और जिलों में कई दौरे करने का भी वादा किया। हालांकि, ट्रंप की लोकप्रियता को लेकर स्थिति चुनौतीपूर्ण बताई जा रही है। जनमत सर्वेक्षणों में उनके अप्रूवल रेटिंग अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचने की बात कही गई है। वहीं, जीवन-यापन की बढ़ती लागत और ईरान युद्ध को लेकर भी मतदाताओं में असंतोष बढ़ रहा है।
कई रिपब्लिकन नेता सम्मेलन से रहे दूर
ट्रंप के साथ नजदीकी रिपब्लिकन नेताओं के लिए यह सम्मेलन राजनीतिक रूप से मुश्किल स्थिति भी पैदा करता है। कुछ उम्मीदवारों को अपने चुनावी क्षेत्रों में व्यापक समर्थन हासिल करने के लिए ट्रंप से दूरी बनानी पड़ सकती है, लेकिन ऐसा करने पर ट्रंप के कट्टर समर्थकों को नाराज करने का खतरा भी है।
कई रिपब्लिकन नेताओं ने सम्मेलन में हिस्सा नहीं लिया। इनमें मिशिगन के प्रतिनिधि टॉम बैरेट, अलास्का के सीनेटर डैन सुलिवन और मेन की सीनेटर सुसान कॉलिन्स शामिल हैं। इन सभी के सामने इस साल डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों से कड़ी चुनौती है। इसके बावजूद कई उम्मीदवार डलास पहुंचे। रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के कार्यक्रम के मुताबिक, प्रतिनिधि सभा और सीनेट की प्रतिस्पर्धी सीटों पर चुनाव लड़ रहे कम से कम 16 उम्मीदवारों को सम्मेलन में बोलना था।
डेमोक्रेट्स पर ‘सोशलिस्ट’ और ‘कम्युनिस्ट’ का हमला
सम्मेलन में रिपब्लिकन नेताओं ने डेमोक्रेट्स को ‘सोशलिस्ट’ और ‘कम्युनिस्ट’ बताकर निशाना साधा। ट्रांसजेंडर महिलाओं के खेलों में हिस्सा लेने और सीमा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी डेमोक्रेट्स को निशाने पर लिया गया। हालांकि, मतदाताओं की प्रमुख चिंताओं में शामिल ईरान युद्ध और महंगाई को सम्मेलन के शुरुआती कार्यक्रमों में तुलनात्मक रूप से कम जगह मिली। दक्षिण कैरोलिना के सीनेटर टिम स्कॉट ने डेमोक्रेट्स को “खतरनाक, कट्टरपंथी और अजीब” बताया।
ईरान युद्ध पर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने ईरान पर हमले के अपने फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकने के लिए कार्रवाई की। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के साथ युद्ध जीतते ही तेल की कीमतें गिर जाएंगी और कहा कि यह जीत जल्द होगी।
हालांकि, संघर्ष खत्म होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हमले शुरू होने के छह महीने से ज्यादा समय बाद भी युद्ध जारी है। विश्लेषकों ने कहा है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम खत्म नहीं हुआ है। ईरान परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश से इनकार करता है।
डेमोक्रेट सीनेटर जॉन फेटरमैन का अचानक वीडियो
सम्मेलन में डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन फेटरमैन का पहले से रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो भी दिखाया गया। उन्होंने अपने रिपब्लिकन साथी सीनेटर डेव मैककॉर्मिक को अपना “बहुत अच्छा दोस्त” बताया। फेटरमैन ने कहा कि वह पेंसिल्वेनिया के स्टील उद्योग की सुरक्षा के लिए ट्रंप के साथ काम करेंगे।
फेटरमैन का सम्मेलन में इस तरह शामिल होना डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर चल रहे वैचारिक मतभेदों को उजागर करने वाला माना गया। वह वामपंथी डेमोक्रेट्स से बढ़ते मतभेदों के लिए जाने जाते हैं और इस अटकल से इनकार कर चुके हैं कि वह पार्टी छोड़ सकते हैं।
नवंबर चुनाव में रिपब्लिकन के सामने बड़ी चुनौती
मध्यावधि चुनाव में अब दो महीने से भी कम समय बचा है। रिपब्लिकन पार्टी के सामने कांग्रेस के कम से कम एक सदन पर अपना नियंत्रण खोने का खतरा है। जनमत सर्वेक्षणों में डेमोक्रेट मतदाताओं के वोट डालने को लेकर ज्यादा उत्साहित नजर आ रहे हैं, जबकि ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग भी कमजोर बताई गई है।
ऐसे में रिपब्लिकन पार्टी के लिए डलास सम्मेलन बेहद अहम है। पार्टी इसे अपने उम्मीदवारों को बढ़ावा देने, डेमोक्रेट्स से मुकाबले की रणनीति सामने रखने और अपने मतदाताओं में चुनाव को लेकर उत्साह बढ़ाने के मौके के तौर पर देख रही है। ट्रंप के 5,000 डॉलर के ‘डिविडेंड’ वाले ऐलान ने इस सम्मेलन को और ज्यादा सुर्खियों में ला दिया है।


