शहबाज शरीफ के कहने पर बढ़ाया सीजफायर, ट्रंप का ऐलान; ईरान ने मना किया

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के अनुरोध पर ऐसा कर रहे हैं। ईरान के प्रस्ताव दिए जाने तक हमले रुके रहेंगे।

शहबाज शरीफ के कहने पर बढ़ाया सीजफायर, ट्रंप का ऐलान; ईरान ने मना किया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के कहने पर ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ईरान की तरफ से प्रस्ताव दिए जाने तक हमलों पर रोक जारी रहेगी। खास बात है कि एक दिन पहले ही ट्रंप ने कहा था कि उनकी तरफ से संघर्ष विराम को बढ़ाए जाने की संभावनाएं कम ही हैं।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'ईरान की सरकार गंभीर रूप से विभाजित है, जिसकी उम्मीद पहले से थी। पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अनुरोध पर, हमसे कहा गया है कि हम ईरान पर अपना हमला तब तक रोक दें जब तक उनके नेता और प्रतिनिधि एक संयुक्त प्रस्ताव लेकर नहीं आते। इसलिए मैंने अपनी सेना को नाकाबंदी जारी रखने और बाकी सभी मामलों में तैयार रहने का निर्देश दिया है। मैं युद्धविराम को तब तक के लिए बढ़ा रहा हूं जब तक उनका प्रस्ताव पेश नहीं हो जाता और बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच जाती।'

ईरान ने कर दिया इनकार

खास बात है कि ट्रंप की इस घोषणा से ईरान ने इनकार कर दिया है। संसद के स्पीकर के सलाहकार महदी मोहम्मदी ने कहा है कि ट्रंप का सीजफायर बढ़ाना ईरान के लिए मायने नहीं रखता है। उन्होंने कहा, 'युद्ध हारने वाले युद्ध की शर्तें कैसे तय कर सकते हैं।' उन्होंने ईरान से अमेरिका के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की अपील की है।

बुधवार को खत्म हो रहा है सीजफायर

खास बात है कि 8 अप्रैल को ट्रंप ने ईरान के साथ 2 सप्ताह के सीजफायर का ऐलान किया था, जिसकी अवधि 22 अप्रैल को खत्म हो रही है। हालांकि, इस बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नाकाबंदी करने और ईरानी जहाज पर अमेरिका के कब्जा कर लेने से दोनों मुल्कों में तनाव फिर बढ़ गया था। ईरान साफ कर दिया था कि वह धमकियों के बीच समझौते पर बात नहीं करेगा।

पहले किया था इनकार

शनिवार को ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान के साथ बातचीत से बुधवार तक कोई समझौता नहीं हो पाता है, तो वह दोनों देशों के बीच जारी अस्थायी संघर्ष-विराम को आगे नहीं बढ़ा सकते। वहीं, सोमवार को ब्लूमबर्ग से बातचीत में उन्होंने कहा था कि इस बात की संभावनाएं कम ही हैं कि वह सीजफायर को आगे बढ़ाएंगे। कहा यह भी जा रहा था कि वह खुद ही पाकिस्तान वार्ता में शामिल हो सकते हैं।

बमबारी की दी थी धमकी

ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अगर तेहरान बुधवार को समाप्त हो रहे दो सप्ताह के युद्धविराम से पहले अमेरिका के साथ किसी समझौते पर सहमत नहीं होता है, तो वह ईरान पर बमबारी शुरू कर देंगे। सीएनबीसी के स्क्वॉक बॉक्स कार्यक्रम में यह पूछे जाने पर कि क्या वह ईरान के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ाएंगे ताकि शांति वार्ता के माध्यम से युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समझौता हो सके, ट्रंप ने कहा, 'मैं ऐसा नहीं करना चाहता।'

उन्होंने कहा, 'उन्हें बातचीत करनी है। और, आप जानते हैं कि एक चीज कहना चाहूंगा...ईरान अपनी स्थिति को काफी मजबूत कर सकता है। अगर वे समझौता कर लेते हैं, तो वे फिर से एक मजबूत राष्ट्र, एक शानदार राष्ट्र बन सकते हैं।' ट्रंप ने कहा कि अगर बुधवार को बिना किसी समझौते के युद्धविराम समाप्त हो जाता है, तो वह ईरान पर फिर से हमला शुरू करने के लिए तैयार हैं।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।