
डोनाल्ड ट्रंप अब वाइट हाउस पर क्यों चलवा रहे हैं बुलडोजर? 15 साल पुराना क्या सपना
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास वाइट हाउस में नया आलीशान ‘प्रेसिडेंशियल बॉलरूम’ बनने का रहा है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस आलीशान बॉलरूम को बनवाने के लिए टैक्सपेयर्स का पैसा खर्च नहीं किया जाएगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास, वाइट हाउस पर इन दिनों बुलडोजर चलवाया जा रहा है। इसकी पीछे की वजह है मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 15 साल पुराना सपना। दरअसल डोनाल्ड ट्रंप वाइट हाउस के हिस्से में भव्य बॉलरूम बनवा रहे हैं। ट्रंप ने मंगलवार को बताया किया है कि इस बॉलरूम के कंस्ट्रक्शन का काम शुरू हो गया है।

जानकारी के मुताबिक नया भव्य और आलिशान प्रेसिडेंशियल बॉलरूम वाइट हाउस के ईस्ट विंग को तोड़कर बनाया जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप ने कहा कि यह पूरा प्रोजेक्ट प्राइवेट फंडिंग से तैयार होगा और इस पर टैक्सपेयर्स के कोई पैसे खर्च नहीं किए जाएंगे। मंगलवार को ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में बताया कि वाइट हाउस का ईस्ट विंग, जो कई दशकों से इस कॉम्प्लेक्स का अहम हिस्सा रहा है, अब पूरी तरह मॉडर्नाइज किया जाएगा। उन्होंने इसे एक “बहुत जरूरी प्रोजेक्ट” बताया और दावा किया कि वाइट हाउस में एक बॉलरूम बनाना पिछले 150 सालों से अमेरिकी राष्ट्रपतियों का सपना रहा है।
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि वाइट हाउस परिसर में नए, बड़े और खूबसूरत बॉलरूम का काम शुरू हो चुका है। यह बॉलरूम वाइट हाउस की मुख्य बिल्डिंग से पूरी तरह अलग होगा। ईस्ट विंग को इस प्रोजेक्ट के तहत पूरी तरह नया रूप दिया जा रहा है और इसके पूरा होने के बाद यह पहले से ज्यादा सुंदर दिखेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि यह बॉलरूम स्टेट विजिट्स, बड़े समारोहों और आधिकारिक इवेंट्स के लिए इस्तेमाल किया जाएगा और आने वाले राष्ट्रपति भी इसका प्रयोग करेंगे। ट्रंप ने लिखा, “पिछले 150 सालों से हर अमेरिकी राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में एक ऐसा बॉलरूम बनवाने का सपना देखता आया है, जहां भव्य पार्टियां और स्टेट विजिट्स हो सकें। मुझे गर्व है कि मैं पहला राष्ट्रपति हूं, जिसने यह जरूरी प्रोजेक्ट शुरू किया, वह भी अमेरिकी टैक्सपेयर्स के पैसे के बिना! यह बॉलरूम देशभक्त दानदाताओं, बड़े अमेरिकी कंपनियों और मेरे खुद के योगदान से तैयार किया जा रहा है। यह बॉलरूम आने वाली कई पीढ़ियों तक इस्तेमाल किया जाएगा।”
ट्रंप का पुराना सपना
सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह नया 90,000 वर्ग फुट का विशाल बॉलरूम, 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर की लागत वाले रिनोवेशन प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसे राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद आगे बढ़ाया है। यह प्रोजेक्ट वाइट हाउस के एंटरटेनमेंट एरिया को बढ़ाने की उनकी लंबे समय से चली आ रही योजना का हिस्सा है। कई रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि ट्रंप पिछले 15 सालों से एक बॉलरूम बनवाना चाहते थे।
तस्वीरों में दिखी झलकियां
वाइट हाउस द्वारा जारी तस्वीरों में दिखाया गया है कि नया बॉलरूम बेहद भव्य और शाही लुक वाला होगा। इसमें क्रिस्टल और गोल्ड झूमर, सुनहरे रंग के कोरिंथियन कॉलम, सजावटी कॉफर्ड सीलिंग और काले-सफेद संगमरमर का फर्श होगा। वहीं तीन दीवारों पर खूबसूरत खिड़कियां होंगी, जो साउथ लॉन की ओर खुलेंगी। इस बॉलरूम पारंपरिक नियो क्लासिकल शैली में बनाया जाएगा। वाइट हाउस के मुताबिक बॉलरूम में एक साथ 650 लोगों के बैठने की क्षमता होगी।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




