
क्या US फिर शुरू करेगा परमाणु परीक्षण? ट्रंप बोले- दुनिया को 150 बार उड़ाने के लिए हथियार
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘हमारे पास किसी भी अन्य देश से अधिक परमाणु हथियार हैं। मुझे लगता है कि हमें परमाणु निरस्त्रीकरण के बारे में कुछ करना चाहिए। मैंने वास्तव में राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति शी दोनों से इस पर चर्चा की थी।’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु परीक्षण फिर से शुरू करने के अपने फैसले को दोहराया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास दर्जनों देशों को उड़ा देने के लिए पर्याप्त हथियार हैं। इसके बावजूद, रूस और चीन के परमाणु कार्यक्रम परीक्षण फिर से शुरू करने का कारण बन गए हैं। रिपब्लिकन नेता ने कहा कि उनका फैसला इस एहसास के बाद आया कि यूएस एकमात्र ऐसा देश नहीं हो सकता जो टेस्ट ना करे, भले ही उसके पास विशाल शस्त्रागार हो। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक से कुछ घंटे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया। इसमें उन्होंने रक्षा विभाग को तुरंत परमाणु परीक्षण शुरू करने का आदेश दिया।

डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में अपने इस फैसले का बचाव किया। इसके लिए उन्होंने चीन, रूस और उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षणों का हवाला दिया। ट्रंप ने कहा, 'हमारे पास किसी भी अन्य देश से अधिक परमाणु हथियार हैं। मुझे लगता है कि हमें परमाणु निरस्त्रीकरण के बारे में कुछ करना चाहिए। मैंने वास्तव में राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति शी दोनों से इस पर चर्चा की थी। हमारे पास दुनिया को 150 बार उड़ा देने के लिए पर्याप्त परमाणु हथियार हैं। रूस के पास बहुत सारे परमाणु हथियार हैं और चीन के पास बहुत होंगे।'
परमाणु परीक्षण को लेकर ट्रंप के तर्क
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि वे नहीं चाहते कि वाशिंगटन एकमात्र ऐसा देश हो जो अपने हथियारों का परीक्षण नहीं करता। उन्होंने कहा, 'आप जानते हैं कि आपको करना पड़ता है। मैं टेस्ट इसलिए कह रहा हूं क्योंकि रूस ने घोषणा की कि वे परीक्षण करने जा रहे हैं। अगर आपने ध्यान दिया तो उत्तर कोरिया लगातार परीक्षण कर रहा है। अन्य देश टेस्ट कर रहे हैं। हम एकमात्र देश हैं जो परीक्षण नहीं करता। मैं चाहता हूं कि हमें एकमात्र देश नहीं बनना चाहिए जो परीक्षण नहीं करता।' उन्होंने कहा कि रूस और चीन अपने परीक्षणों को दुनिया के साथ खुलकर साझा नहीं करते, अमेरिका एक खुला समाज है। हम अलग हैं। हम इसके बारे में बात करते हैं।

लेखक के बारे में
Niteesh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




