Hindi Newsविदेश न्यूज़Donald Trump 5 potential targets list 2026 news after action on venezuela
वेनेजुएला के बाद ट्रंप की हिट लिस्ट में ये 5 और देश? खुद ही दे रहे हैं संकेत

वेनेजुएला के बाद ट्रंप की हिट लिस्ट में ये 5 और देश? खुद ही दे रहे हैं संकेत

संक्षेप:

हालांकि, इसे लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन हाल ही में उन्होंने इन नामों का जिक्र किया है। फिलहाल, अमेरिका में मादुरो के खिलाफ मामला अदालत में जारी है, जहां वेनेजुएला के नेता ने खुद को निर्दोष बताया और किडनैप किए जाने का दावा किया है।

Jan 06, 2026 09:24 am ISTNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Trump's Next Target: अमेरिका की तरफ से वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो के खिलाफ ऐक्शन अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तूल पकड़ता नजर आ रहा है। चीन समेत कई देश अमेरिकी कार्रवाई की आलोचना कर रहे हैं और नियमों का उल्लंघन बता रहे हैं। इधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की अगले कदम को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। कहा जा रहा है कि उनके निशाने पर कई और देश भी हो सकते हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कहा जा रहा है कि ट्रंप ग्रीनलैंड, कोलंबिया, क्यूबा, मेक्सिको और ईरान को निशाना बना सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर उन्होंने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन हाल ही में उन्होंने इन नामों का जिक्र किया है। फिलहाल, अमेरिका में मादुरो के खिलाफ मामला अदालत में जारी है, जहां वेनेजुएला के नेता ने खुद को निर्दोष बताया और किडनैप किए जाने का दावा किया है।

ग्रीनलैंड

रविवार को ट्रंप ने कहा कि आर्कटिक क्षेत्र में रूस और चीन की बढ़ती मौजूदगी के कारण ग्रीनलैंड अमेरिकी सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को ग्रीनलैंड की जरूरत है, क्योंकि इस समय यह बहुत रणनीतिक जगह है और वहां हर जगह रूस और चीन के जहाज फैले हुए हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से उन्हें ग्रीनलैंड की आवश्यकता है और डेनमार्क इसे संभालने में सक्षम नहीं होगा। उन्होंने दावा भी किया कि यूरोपीय संघ भी उनके इस विचार का समर्थन करता है और वह इस बात को जानते हैं।

ईरान

ट्रंप ने ईरान में चल रहे सत्ता विरोधी आंदोलन के दमन को लेकर ईरान को चेतावनी दी है। ट्रंप ने पत्रकार के एक सवाल के जवाब में कहा , 'इस पर हमारी करीबी नजर है। पहले की तरह अगर वे लोगों को मारना शुरू करते हैं तो मुझे लगता है कि अमेरिका उन पर कड़ा प्रहार करेगा।'

कोलंबिया

ट्रंप ने बातचीत के दौरान एक अन्य मध्य अमेरिकी देश कोलंबिया पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कोलंबिया और वेनेजुएला दोनों 'बहुत बीमार' देश हैं। उन्होंने कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो का जिक्र करते हुए कहा कि कोलंबिया को 'एक बीमार व्यक्ति चला रहा है, जो कोकीन बनाना और उसे अमेरिका को बेचना पसंद करता है।'

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'और मैं आपको बता दूं, वह बहुत लंबे समय तक ऐसा नहीं कर पाएगा।' जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका कोलंबिया के खिलाफ किसी अभियान की योजना बना रहा है, तो उन्होंने कहा, 'यह मुझे सुनने में अच्छा लग रहा है।'

क्यूबा

क्यूबा पर सवाल पूछे जाने पर कहा कि अमेरिकी हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वह देश अपने आप ही गिरता हुआ लग रहा है। उन्होंने कहा, 'क्यूबा गिरने के लिए तैयार है। ऐसा लग रहा है जैसे क्यूबा बस गिरने ही वाला है।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'क्यूबा के पास अब आय का कोई जरिया नहीं है। उन्हें अपनी सारी आय वेनेजुएला से, वेनेजुएला के तेल से मिलती थी। अब उन्हें उसमें से कुछ भी नहीं मिल रहा है। क्यूबा सचमुच गिरने के कगार पर है।' खास बात है कि वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई के बाद क्यूबा के कुछ नगरिकों की मौत हुई थी।

मेक्सिको

ट्रंप ने कहा कि मेक्सिको को अपनी व्यवस्था सुधारने की जरूरत है क्योंकि उस देश के रास्ते मादक पदार्थों की बाढ़ आ रही है और अमेरिका को इस बारे में कुछ करना होगा। उन्होंने मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम को एक शानदार व्यक्ति बताया। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि जब भी क्लाउडिया शिनबाम से बात हुई है, उन्होंने मेक्सिको में सेना भेजने की पेशकश की है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मेक्सिको की सरकार इस मुद्दे को सुलझाने में सक्षम है, लेकिन दुर्भाग्य से मेक्सिको में 'कार्टेल' (ड्रग माफिया) बहुत मजबूत हैं।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।