सावधान! सलाद में छिपी है जानलेवा बीमारी, इस देश में मची तबाही, खाकर हजारों लोग बीमार

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

कई राज्यों में सलाद की वजह से हजारों मामले सामने आए हैं। अकेले मिशिगन में 3,300 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। लोगों में डायरिया का विस्फोट देखा जा रहा है जिससे स्थिति भयावह होती जा रही है।

Diarrhoea Outbreak in US

अगर आप या आपके संबंधी अमेरिका में रहते हैं, और सलाद आपके मील का भी जरूरी हिस्सा है, तो सावधान हो जाने की जरूरत है। दरअसल अमेरिका में इस समय एक बेहद खतरनाक और तेजी से फैलने वाले परजीवी ने हाहाकार मचा रखा है। इसकी वजह से हजारों अमेरिकी गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। इसकी वजह सलाद को बताया जा रहा है। पूरे देश में स्वास्थ्य को लेकर अलर्ट जारी किया है और रेस्टोरेंट के सलाद काउंटर खाली हो चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक 30 से अधिक राज्यों में अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं।

अमेरिकी रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (CDC) के मुताबिक अमेरिका के कम से कम 34 राज्यों में लगभग 7,000 संभावित मामले सामने आ चुके हैं। यह अमेरिका में पिछले कई सालों में खाने से फैलने वाली सबसे बड़ी बीमारियों में से एक है। CDC ने 1 मई से अब तक 1,645 मामलों की पुष्टि की है। वहीं 5,100 से अधिक मामलों की अभी जांच चल रही है।

मिशिगन और ओहियो में बड़ा खतरा

इस बीमारी का सबसे बड़ा केंद्र अमेरिका का मिडवेस्ट इलाका बना हुआ है। अकेले मिशिगन में 3,300 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं ओहियो में भी स्थिति खराब है। मिशिगन की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नताशा बगदासारियन ने एक बयान में बताया है कि शुरुआती जांच बार-बार एक ही सोर्स की तरफ इशारा कर रही है, वह है सलाद। जांच में एक फूड चेन कंपनी का नाम भी सामने आ रहा है। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने मिशिगन, ओहियो, वेस्ट वर्जीनिया और केंटकी में फैले लगभग 400 मामलों को एक ही कड़ी से जुड़ा पाया है। अब अधिकारी इसका संबंध 'टैको बेल' रेस्टोरेंट से होने की संभावना की जांच कर रहे हैं। इस तरह के आरोपों के बाद कई बड़ी फूड चेन्स ने सफाई दी है। टैको बेल ने एहतियात के तौर पर कुछ रेस्टोरेंट्स से कुछ आइटम्स को हटा दिया है।

क्या हैं लक्षण?

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बीमारी 'साइक्लोस्पोरियासिस' नाम के एक माइक्रोऑरगनिज्म से होती है। यह परजीवी आंतों पर हमला करता है। सीडीसी की रिपोर्ट के मुताबिक साइक्लोस्पोरा तब फैलता है जब लोग दूषित भोजन या पानी का सेवन करते हैं। खेतों में प्रदूषित सिंचाई का पानी या फसलों वाले खेतों में गंदा पानी बहकर आना इसका मुख्य कारण होता है। अधिकारियों के मुताबिक इस परजीवी के संपर्क में आने के 1 से 2 हफ्ते बाद लक्षण दिखने शुरू हो जाते हैं। शुरुआत में थकान और शरीर में दर्द होता है। इसके बाद इस बीमारी का सबसे प्रमुख लक्षण सामने आता है- विस्फोटक डायरिया। इसके साथ ही मरीज को पेट फूलने, मरोड़ उठने और उल्टी जैसा महसूस होने की भी शिकायत होती है।

क्यों गंभीर है ये संकट?

जानकारों की मानें तो साइक्लोस्पोरा संक्रमण को ट्रैक करना बेहद मुश्किल काम है। डॉक्टरों के अनुसार, यह परजीवी मरीज के मल में रुक-रुक कर बाहर आता है, इसलिए एक बार के टेस्ट में यह पकड़ में नहीं आता। सामान्य पेट दर्द के रूटीन टेस्ट में यह शामिल भी नहीं होता। चूंकि इसके लक्षण दिखने में दो हफ्ते का समय लगता है, इसलिए आज जो मामला सामने आता है, वह असल में हफ्तों पुराना संक्रमण होता है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने सलाह दी है कि फलों और सब्जियों को बहते साफ पानी में रगड़कर धोएं। वहीं बाजार से पहले से कटा या पैकेट बंद सलाद मिक्स खरीदने के बजाय पूरा साबुत सब्जी खरीदने की सलाह दी गई है। इसके अलावा जहां तक संभव हो, फलों और सब्जियों को पकाकर खाने की सलाह भी दी गई है। लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की भी हिदायत दी गई है

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।