डोनाल्ड ट्रंप ने शेयर कर दिया बराक ओबामा को बंदर दिखाने वाला वीडियो, जमकर बवाल
गुरुवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक मिनट के वीडियो में यह दावा दोहराया है कि 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में वोट गिनने में धांधली हुई थी। उन्होंने इस वीडियो में खुद को जंगल का राजा बताया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप देश के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा पर कथित नस्लभेदी टिप्पणी कर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर ओबामा दंपत्ति को बंदर दिखाए जाने वाली इस वीडियो को शेयर करने के बाद ट्रंप की चारों तरफ आलोचना हो रही है। देश के पहले अश्वेत राष्ट्रपति और उनकी पत्नी के प्रति उनके रवैये को लेकर डेमोक्रेट्स की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
ट्रंप द्वारा गुरुवार रात ट्रुथ सोशल पर साझा की गई दर्जनों पोस्ट में से एक, 62 सेकंड की इस क्लिप का लगभग पूरा हिस्सा एक AI वीडियो से लिया गया प्रतीत होता है। इसमें आरोप लगाया गया है कि 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान चुनावी राज्यों में 'वोटिंग मशीन' में जानबूझकर छेड़छाड़ की गई थी।
वीडियो क्लिप में 2 चिम्पैंजी का एक छोटा सा दृश्य है, जिन पर ओबामा दंपति के मुस्कुराते हुए चेहरे चिपका दिए गए हैं। ये दृश्य एक लंबे वीडियो से लिए गए हैं, जिसे पहले एक मीम पेज पर शेयर किया गया था। इसमें ट्रंप को 'जंगल का राजा' दिखाया गया है। वहीं जो बाइडेन सहित कई डेमोक्रेटिक नेताओं को जानवरों के रूप में चित्रित किया गया है। बाइडेन को केला खाते हुए चिम्पैंजी के रूप में दर्शाया गया।
बता दें कि ट्रंप ने पूर्व में भी ओबामा परिवार की व्यक्तिगत रूप से कड़ी आलोचना की है और उनके बारे में भड़काऊ और कई बार नस्लवादी टिप्पणियां भी की हैं। कई डेमोक्रेट्स ने उनकी इस पोस्ट पर गुस्सा जाहिर किया है। कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूज़ोम ने इस पोस्ट की निंदा करते हुए इसे घिनौना बताया। उन्होंने लिखा, "राष्ट्रपति का घिनौना व्यवहार। हर एक रिपब्लिकन को इसकी निंदा करनी चाहिए। अभी।” वहीं बराक ओबामा के पूर्व वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बेन रोड्स ने भी ट्रंप की आलोचना करते हुए कहा कि इतिहास उन्हें सबसे नकारात्मक व्यक्ति रूप से याद रखेगा।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



