बर्लिन प्राइड परेड पर जानलेवा हमला, एक की मौत कई घायल; संदिग्ध भी मारा गया
‘बर्लिन प्राइड’ पर हुए जानलेवा हमले के संदिग्ध को रविवार को शहर के बाहरी इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली मारकर मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 29 लोग घायल हो गए थे।

‘बर्लिन प्राइड’ पर हुए जानलेवा हमले के संदिग्ध को रविवार को शहर के बाहरी इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली मारकर मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 29 लोग घायल हो गए थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बर्लिन के मध्य क्षेत्र में हुए हमले के बाद लगभग 24 घंटे तक चली तलाश के उपरांत लेबनानी मूल के जर्मन नागरिक अब्दुल बल्लूट को पुलिस ने ढूंढ़ निकाला।
आईएस में शामिल होने की कर चुका था कोशिश
बर्लिन प्राइड हमले का संदिग्ध व्यक्ति पहले इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह में शामिल होने की कोशिश कर चुका था। जर्मनी के अभियोजकों ने रविवार को यह कहा। अधिकारियों ने एक ‘वॉन्टेड’ नोटिस जारी किया और लोगों को चेतावनी दी कि वे लेबनानी अब्दुल बल्लूट के पास न जाएं, क्योंकि वह हथियारबंद और खतरनाक हो सकता है। बल्लूट जर्मन नागरिक है और उसकी जड़ें लेबनान से जुड़ी हैं। उस पर आरोप है कि शनिवार रात प्राइड के समापन संगीत कार्यक्रम के पास उसने एक वैन भीड़ में घुसा दी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। इसके बाद उसने कथित तौर पर एक धारदार हथियार से कई और लोगों पर हमला किया।
गृह मंत्री ने क्या बताया
गृह मंत्री अलेक्जेंडर डोब्रिंट ने कहाकि यहां हम जो कुछ भी देख रहे हैं, उससे यही संकेत मिलता है कि हम एक इस्लामी आतंकी हमले से निपट रहे हैं। डोब्रिंट ने घायलों की कुल संख्या 29 बताई। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्ति पहले भी कई अपराधों में शामिल होने के कारण अधिकारियों की नजर में था, हालांकि उन्होंने उन अपराधों का विवरण नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, वह जर्मनी की राजधानी में कट्टरपंथी और इस्लामी चरमपंथी समूहों से जुड़े होने के कारण भी सुरक्षा एजेंसियों की नजर में था।
लोगों को मिली सलाह
डोब्रिंट ने कहाकि संदिग्ध व्यक्ति को अतीत में बर्लिन में दोषी ठहराया गया था, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उसे किस मामले में दोषी ठहराया गया था। संदिग्ध की तलाश के लिए पुलिस ने शहर में अभियान चलाया। इसमें रविवार तड़के बर्लिन के श्योनेबर्ग प्रांत में एक अपार्टमेंट की तलाशी भी ली गई, लेकिन पुलिस ने बताया कि वहां कोई नहीं मिला। इस बीच चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने शनिवार को हुए घातक हमले के बाद जर्मनी के लोगों से कहाकि वे समाज में आपसी फूट और डर का माहौल पैदा करने वाली बातों से बचें।
परेड में घुस गई वैन
इससे पहले पुलिस ने कहा था कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। पुलिस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लोगों से घटनास्थल तुरंत खाली करने की अपील की, ताकि एंबुलेंस और दमकल कर्मी राहत एवं बचाव कार्य कर सकें। पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे एक सफेद रंग की वैन टियरगार्टन पार्क में घुस गई। यह पार्क उस मार्ग के पास है, जहां से कुछ समय पहले 'प्राइड मार्च' गुजरा था। वैन ने कई लोगों को टक्कर मारी और बाद में एक पेड़ से जा टकराई।
बर्लिन के मेयर काई वेगनर ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहाकि यह हमारे स्वतंत्र और उदार समाज पर हमला है। मुझे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों पर पूरा भरोसा है कि वे चौबीसों घंटे काम कर इस मामले की जांच करेंगी। इस बीच, अधिकारियों ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से आगे आने और उनके पास मौजूद वीडियो या तस्वीरें पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की। जर्मनी में ‘क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे’ के नाम से आयोजित होने वाली बर्लिन की 'प्राइड परेड' में शनिवार को भाग लेने के लिए लाखों लोग पहुंचे थे। यह यूरोप के सबसे बड़े ‘एलजीबीटीक्यू प्लस’ आयोजनों में से एक है।


