गूगल पर एक स्टार रिव्यू देने से भड़क गई कंपनी, महिला पर ठोक दिया केस
अमेरिका ने एक कंपनी ने महिला के ऊपर इसलिए केस कर दिया क्योंकि उसने गूगल पर कंपनी को केवल एक स्टार रेटिंग दी थी। कंपनी मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाते हुए महिला से 25,000 डॉलर हर्जाना देने की मांग की है।

क्या आप गूगल पर किसी कंपनी को रिव्यू के नाम पर एक स्टार दे देते हैं? अगर ऐसा करते हैं तो सावधान हो जाइए। क्योंकि अमेरिका में एक महिला ऐसा करने पर कानून चक्करों में फंस गई है। दरअसल, जिस कंपनी को उसने गूगल पर एक स्टार रेटिंग दी थी। उस कंपनी ने महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इतना ही नहीं कंपनी में मान हानि के लिए महिला से 25,000 डॉलर के हर्जाने की भी मांग की है।
स्थानीय मीडिया आउटलेट 'people' की रिपोर्ट के मुताबिक यह पूरा मामला उस वक्त शुरू हुआ जब महिला ने गूगल पर कंपनी को केवल सिंगल स्टार रेटिंग दी। रिपोर्ट के मुताबिक ओहियो स्थित स्टार मैन्यूफैक्चरिंग इंक ने कोलंबस की रहने वाली जूली वॉटसन के खिलाफ मानहानि मुकदमा दायर किया है। इंडस्ट्रियल सामान बनाने वाली कंपनी का दावा है कि जूली वॉटसन ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से कंपनी की साख को खराब करने के लिए ऐसा किया है। वहीं, वॉटसन का कहना है कि वह अकेली नहीं है, जो कंपनी के खराब प्रोडक्ट से परेशान है, बल्कि और भी कई ग्राहक ऐसे ही हैं।
क्या है पूरा मामला?
पीपल की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टार मैन्युफैक्चरिंग इंक ने 12 अगस्त को ट्रंबुल काउंटी कोर्ट ऑफ कॉमन प्लीज में यह मामला दायर किया गया था। इसमें कहा गया कि जूली वॉटसन ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से गूगल पर खराब रेटिंग दी है। इसकी वजह से कंपनी को कई ग्राहक गंवाने पड़े हैं। इसके एवज ने कंपनी ने जूली वॉटसन से 25,000 डॉलर हर्जाना के रूप में मांगे हैं। शिकायत के अनुसार, कंपनी का कहना है कि इस रिव्यू के कारण उसे नुकसान हुआ और उसकी "प्रतिष्ठा को भारी नुकसान" पहुँचा।
इस मामले में जब जूली वॉटसन से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि वह कंपनी के खराब प्रोडक्ट्स की वजह से परेशान हो गई थीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह ऐसी अकेली नहीं हैं। बल्कि वह ऐसे दर्जनों लोगों के नाम और नंबर दे सकती हैं, जो कंपनी की वजह से खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
वॉटसन के इस बयान को लेकर कंपनी की तरफ से कहा गया है कि वॉटसन कभी भी उनकी कंपनी की ग्राहक नहीं रही है। उन्होंने तर्क दिया कि यह नेगेटिव रिव्यू वॉटसन और कंपनी के एक कर्मचारी के बीच "व्यक्तिगत दुश्मनी" के कारण दिया गया था।
कंपनी के प्रवक्ता नाडर ने कहा, "यह प्रतिवादी और स्टार मैन्युफैक्चरिंग के एक कर्मचारी के बीच व्यक्तिगत रिश्ते का नतीजा था।" “[यह मुकदमा] किसी ग्राहक के खराब रिव्यू से स्टार मैन्युफैक्चरिंग के नाराज होने के बारे में नहीं है। यह एक व्यक्तिगत दुश्मनी का मामला है।” फिलहाल इस मामले की सुनवाई होने वाली है। अभी तक इस पर कोई ऐक्शन नहीं हुआ है।


