
चीन के विदेश मंत्री वांग यी सोमवार को भारत आएंगे, सीमा मुद्दे पर होगी बात
चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो के सदस्य और विदेश मंत्री की दो दिन की यह यात्रा डोभाल के निमंत्रण पर हो रही है। वांग भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ दोनों देशों के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महीने के अंत में चीन की संभावित यात्रा से पहले चीन के विदेश मंत्री वांग यी दो दिन की यात्रा पर सोमवार को यहां आएंगे। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को यहां बताया कि वांग राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ सीमा से जुड़े मुद्दों पर बात करने के अलावा विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।

चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो के सदस्य और विदेश मंत्री की दो दिन की यह यात्रा डोभाल के निमंत्रण पर हो रही है। वांग भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ दोनों देशों के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों देशों के बीच भारत-चीन सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधियों की यह 24वें दौर की वार्ता होगी। बाद में चीन के विदेश मंत्री डा़ जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
पीएम मोदी की शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में भाग लेने के लिए इस महीने के अंत में होने वाली चीन की संभावित यात्रा से ठीक पहले हो रही वांग की यात्रा को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देश 2020 में गलवान में हुई सैन्य झड़प के बाद से सीमा पर स्थिति को सामान्य बनाने के लिए सीमा से जुड़े मुद्दों के समाधान तथा संबंधों को पटरी पर लाने के लिए निरंतर बातचीत कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच पिछले वर्ष बनी सहमति के बाद से सीमा से जुड़े कुछ मुद्दों पर सहमति भी बनी है। भारत चीन के साथ सीमा विवाद के मुद्दे का स्थायी हल किये जाने का पक्षधर है।
अमेरिका के भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क बढाने के बाद उत्पन्न हुई स्थिति के बीच भी इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत पिछले कुछ दिनों से रूस के साथ-साथ चीन से भी संपर्क बनाए रखने की कवायद में जुटा है। विदेश मंत्री डा जयशंकर का भी अगले सप्ताह रूस के विदेश मंत्री के साथ बैठक के लिए मास्को जाने का कार्यक्रम है। डोभाल रूस यात्रा से हाल ही में वापस लौटे हैं।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




