
ये लो... मैं तुमसे प्यार करता हूं; 8 साल के बच्चे ने मां की शादी का सोने का हार 'गर्लफ्रेंड्स' में बांट दिया
चीन में एक 8 साल के बच्चे ने अपनी मां की शादी वाले सोने के हार को चुपके-चुपके निकाला, उसे पहले प्लायर्स और लाइटर से तोड़ने की कोशिश की, फिर जब नहीं टूटा तो किसी भारी औजार से छोटे-छोटे टुकड़े कर डाले। इसके बाद उन टुकड़ों को अपनी कक्षा की कई लड़कियों को गिफ्ट कर दिया।
अगर आपका बेटा आपकी शादी का सोने का हार काट-काटकर अपनी दोस्तों को बांट दे और कहे कि 'ये लो, मैं तुमसे प्यार करता हूं', तो आपको कैसा लगेगा? गुस्सा आएगा न… बहुत गुस्सा। ठीक ऐसा ही कुछ चीन के पूर्वी हिस्से में हुआ है। पहली नजर में ये मजाक या बनाई हुई कहानी लग सकती है, लेकिन ये पूरी तरह सच है। यहां एक 8 साल के बच्चे ने अपनी मां की शादी वाले सोने के हार को चुपके-चुपके निकाला, उसे पहले प्लायर्स और लाइटर से तोड़ने की कोशिश की, फिर जब नहीं टूटा तो किसी भारी औजार से छोटे-छोटे टुकड़े कर डाले। इसके बाद उन टुकड़ों को अपनी कक्षा की कई लड़कियों को 'गिफ्ट' कर दिया ताकि वो अपना प्यार जता सके।
माता-पिता को ये बात करीब एक महीने बाद पता चली, जब बेटे की बड़ी बहन ने बताया कि स्कूल में एक लड़की उससे कह रही थी कि उसके भाई ने उसे बहुत कीमती सोने का टुकड़ा दिया है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, मां को यह जानकर एक साथ गुस्सा भी आया और हंसी भी आई, जबकि पिता इतने नाराज हुए कि उन्होंने बच्चे को पीट दिया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, माता-पिता ज्यादातर सोने के टुकड़े वापस नहीं ले पाए, सिर्फ एक छोटा-सा टुकड़ा ही मिला। बच्चे ने कहा कि उसे पता ही नहीं था कि वो हार कितना कीमती है, और अब उसे याद भी नहीं कि उसने बाकी टुकड़े किस-किस को दिए थे और बचे हुए टुकड़े कहां रखे हैं।
पूरा मामला क्या है?
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के अनुसार, बेटी से तोहफे की बात सुनकर मां ने अपने बेटे से पूछताछ की। बच्चे ने कबूल कर लिया कि उसने मां का सोना काट-काटकर बांट दिया। इसके बाद दंपति ने घर की सीसीटीवी फुटेज देखी तो साफ दिखा कि लड़का दराज खोलकर मां का शादी का सोने का हार निकालता है (जो पापा ने शादी के समय गिफ्ट किया था)। पहले उसने प्लायर्स और लाइटर से चेन काटने की कोशिश की, नाकाम रहा तो किसी तेज औजार से उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट डाला।
जैसे ही यह मामला सामने आया, चीन के सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कमेंट करने लगे। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि इसे अभी से गंभीरता सिखाओ वरना बड़ा होकर ये पूरा घर बेच देगा। वहीं, दूसरे ने कहा कि अगर लड़कियों को दिया है तो पीछे मत पड़ो, शायद आगे चलकर कोई बहू बन जाए। वहीं एक वकील ने SCMP को बताया कि बच्चे को पीटकर पिता ने चीन के नाबालिग संरक्षण कानून का उल्लंघन किया है। फिलहाल यह मामला चर्चा में हैं। और लोग एक से एक कमेंट कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




