चीन बना रहा AI वाले पेट्रोल पंप, सेकेंड्स में कर देते हैं काम; इंसानों की जरूरत नहीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक रोबोटिक आर्म सटीक सेंसर की मदद से गाड़ी के मॉडल को पहचानती है और ईंधन भरने का काम खुद करती है। टैंक, ढक्कन खोलने और ईंधन डालने का पूरा काम कुछ ही सेकेंड में खत्म हो जाता है।

‘चाइना 2050 में जी रहा है।’ सोशल मीडिया पर इस तरह के मीम आपने खूब देखे होंगे। इस मीम के जरिए चीन की तकनीक पर असाधारण पकड़ को अक्सर मजाक के रूप में पेश किया जाता है। लेकिन यह सब महज मजाक नहीं है। चीन अक्सर अपने नए-नए प्रयोगों से दुनिया को अचंभित करता है। इसी कड़ी में अब चीन AI वाले पेट्रोल पंप बना रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन में परिवहन क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए एआई तकनीक से चलने वाले ऑटोमैटिक गैस पंप और ई-गाड़ियां तैयार की जा रही हैं। एआई आधारित पंप ईंधन भरने की प्रक्रिया को तेज और आसान बनाने के साथ सुरक्षा बढ़ाने में भी मदद कर सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन ने शंघाई और झेंग्झौ जैसे बड़े शहरों में इस तरह के प्रयोग शुरू किये हैं। इन पंपों पर रोबोटिक आर्म बिना किसी इंसान की मदद के खुद गाड़ी का ढक्कन खोलती हैं, ईंधन भरती हैं और कुछ ही सेकेंड में पूरी प्रक्रिया पूरी कर देती हैं। रोबोटिक आर्म सटीक सेंसर की मदद से गाड़ी के मॉडल को पहचानती है और खुद ईंधन भर देती है।
इसके अलावा चीन आम लोगों तक सस्ती ई-गाड़ियां पहुंचाने पर भी जोर दे रहा है। इन कोशिशों से स्मार्ट परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग से ईंधन पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकेगी।


