चीन ने दिया नेपाल को खौफनाक धोखा? बच सकती थी दर्जनों जान; क्या है ‘45 मिनट वाला खामोशी का खेल’
चीनी मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि तिब्बत के केरुंग काउंटी इलाके में चीनी समयानुसार सुबह 10.30 बजे ही बाढ़ आ चुकी थी। नेपाल के बाढ़ प्रभावित रसुवा से यह करीब 25-30 किलोमीटर की दूरी पर है।
उत्तरी पड़ोसी देश नेपाल में बुधवार को उत्तरी इलाके के रसुवा और आस-पास के जिलों में चीन के नियंत्रण वाले तिब्बती क्षेत्र की तरफ से अचानक आई बाढ़ के कारण अब तक 95 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और दर्जनों लोग लापता हैं। इनमें सौ से ज्यादा भारतीय हैं। करीब 400 लोग इस आपदा में लापता बताए जा रहे हैं। यानी समय बढ़ने के साथ इस महा त्रासदी में मौत का आंकड़ा भी बढ़ सकता है। सबसे दुखद पहलू यह सामने आया है कि चीन ने नेपाल को इस बाढ़ पर धोखा दिया है।
नेपाल से मिली जानकारी के मुताबिक, चीन ने इस बाढ़ की जानकारी नेपाल से छुपाई। इस वजह से नेपाल में सरकार और प्रशासन को इस आपदा से बचने की तैयारी करने का मौका नहीं मिल सका और लोगों को रेस्क्यू नहीं किया जा सका। अगर समय पर चीन की तरफ से बाढ़ आने की जानकारी नेपाल के साथ साझा की जाती तो बड़ी संख्या में मौतों को टाला जा सकता था और जान-माल के नुकसान को भी कम किया जा सकता था।
करीब 45 मिनट की हुई देरी
नेपाली सूत्रों के अनुसार तिब्बत के केरुंग क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ की चेतावनी नेपाल को 45 मिनट की देरी से मिली। दरअसल, चीनी मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि तिब्बत के केरुंग काउंटी इलाके में चीनी समयानुसार सुबह 10.30 बजे ही बाढ़ आ चुकी थी। नेपाल के बाढ़ प्रभावित रसुवा से यह करीब 25-30 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके अलावा नेपाल और चीन के बीच समय में 2 घंटे 15 मिनट का अंतर है। इस लिहाज से देखें तो नेपाल के समयानुसार तिब्बत के केरुंग काउंटी इलाके में बाढ़ सुबह 8.15 पर ही आ चुकी थी, जबकि 9 बजे के करीब इसकी जानकारी नेपाली शासन को हुई। चीन ने आधाकिरिक तौर पर नेपाल को इस बाढ़ पर कोई सूचना नहीं दी।
नेपाल में भारी गुस्सा
चीन की इस हरकत पर नेपाल में खासा रोष है। विदेश और रणनीतिक मामलों को कवर करने वाले नेपाली पत्रकार परशुराम काफ्ले ने बुधवार को बीजिंग पर परोक्ष लेकिन तीखा हमला बोला है। उन्होंने चीन को नेपाल का "उत्तरी पड़ोसी" कहा और आरोप लगाया कि समय पर चेतावनी न देकर चीन ने नेपाल को नुकसान पहुँचाया है। X पर एक पोस्ट में काफ्ले ने लिखा, “नेपाल अपने पड़ोसियों की सुरक्षा संबंधी जायज चिंताओं का समाधान करता रहा है। हालाँकि, दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि हमारे उत्तरी पड़ोसी ने हमें काफी नुकसान पहुँचाया है। इतनी बड़ी आपदा की पूर्व चेतावनी न देने के कारण हमें जान-माल का भारी नुकसान उठाना पड़ा।”
नेपाल एकतरफा प्यार की कीमत क्यों चुकाए?
काफ्ले ने नेपाल-चीन संबंधों पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने चीनी क्षेत्र से उत्पन्न होने वाले संकटों के बार-बार सामने आने वाले पैटर्न पर भी सवाल उठाया, जबकि नेपाल बीजिंग की चिंताओं को दूर करने का प्रयास करता रहा है। उन्होंने सवाल उठाए हैं कि नेपाल एकतरफा प्यार की कीमत क्यों चुकाए? इस बीच, नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने देश की प्रतिनिधि सभा को संबोधित किया है। उन्होंने बताया है कि रसुवा में आपदा की स्थिति भूकंप के साथ आए हिमस्खलन के कारण हुई थी और इसकी आगे पुष्टि की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9 बजे रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से रसुवा और नुवाकोट ज़िलों के कई इलाक़े प्रभावित हुए हैं।उन्होंने कहा कि तिमुरे, स्याफ़रुबेसी, बेत्रावती, त्रिशूली बत्तर और देवीघाट समेत कई इलाक़ों में भारी नुक़सान हुआ है।
खराब मौसम से राहत-बचाव कार्य में बाधा
बता दें कि इस बाढ़ से नेपाल का कम्युनिकेशन सिस्टम ठप हो गया है और बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है। रसुवा के तिमुरे इलाके में नेपाल पुलिस और आर्म्ड पुलिस फ़ोर्स के 32 सुरक्षाकर्मी भी लापता हैं। प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव टीमें तैनात की गई हैं। बचाव कार्य के लिए 12 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं, जिनमें से चार नेपाली सेना के और बाकी प्राइवेट कंपनियों के हैं। हालांकि, खराब मौसम के कारण बचाव उड़ानों में बार-बार रुकावट आ रही है। एयरपोर्ट के रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर के अनुसार, काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट (TIA) से अब तक रसुवा के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए 29 प्राइवेट और छह मिलिट्री हेलीकॉप्टर उड़ानें भरी जा चुकी हैं। इनमें से 23 प्राइवेट और दो मिलिट्री हेलीकॉप्टर घायलों को लेकर काठमांडू लौट आए हैं। खराब मौसम के कारण रसुवा के लिए बचाव और राहत सामग्री ले जा रहे तीन हेलीकॉप्टरों को भी वापस लौटना पड़ा। एयरपोर्ट ने बताया कि खराब मौसम की वजह से प्रभावित इलाकों में और हेलीकॉप्टर भेजना भी मुश्किल हो रहा है।

