हवा में महल बनाते रहो… ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप के दावों का फिर बनाया मजाक, समझौते की कर रहे थे बात
डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को दावा किया था कि अमेरिका और ईरान के बीच जल्द ही एक समझौता होने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपने 'एनरिच्ड यूरेनियम' को सौंपने पर सहमत हो गया है।
ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों का एक बार फिर बुरी तरह मजाक बनाया है। ट्रंप के समझौते को लेकर किए जा रहे दावों पर तंज कसते हुए ईरान की स्टेट ब्रॉडकास्टर 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग' (IRIB) ने कहा है कि ट्रंप हवा में महल बना रहे हैं। इसके साथ ही ईरानी टीवी ने ट्रंप का एक वीडियो भी शेयर किया।
इस वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप यह कहते नजर आ रहे हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है और वे समझौता करने के बहुत करीब है। ट्रंप आगे कहते हैं कि इसके बाद अमेरिका को मुफ्त तेल और होर्मुज का मुफ्त पास मिलेगा। इसे शेयर करते IRIB ने कहा कि यह ट्रंप का महज एक सपना है।
पोस्ट में उड़ाया मजाक
IRIB ने पोस्ट में लिखा, “हवा में महल बनाना! ऐसी ही एक फारसी कहावत भी है: ऊंट को बिनौले के सपने आते हैं; कभी वह उन्हें एक साथ निगल जाता है, तो कभी एक-एक करके खाता है।" दरअसल इस कहावत का इस्तेमाल अक्सर ऐसे व्यक्ति के बारे में बताने के लिए किया जाता है जो ऐसे सपने देखता तो जो कभी सच नहीं हो सकते। अब ईरान ने ऐसा ही संदेश देने की कोशिश की है, ट्रंप समझौते को लेकर जो बयान दे रहे हैं, सच्चाई उससे कोसों दूर है।
ट्रंप ने किए हैं बड़े दावे
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा है कि अमेरिका और ईरान शांति समझौते के बहुत करीब हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि ईरान अपने 'एनरिच्ड यूरेनियम' (समृद्ध यूरेनियम) को सौंपने पर सहमत हो गया है। ट्रंप ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा, “जल्द समझौता होने की बहुत अच्छी संभावना है। मुझे लगता है कि इस समय हमारी बातचीत बहुत सफल तरीके से चल रही है। अगर ऐसा होता है, तो इसकी घोषणा बहुत जल्द कर दी जाएगी।”
परमाणु वाले दावों को भी ईरान ने नकारा
इस बीच ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को भी खारिज कर दिया है कि तेहरान अपने एनरिच्ड यूरेनियम का भंडार सौंपने पर सहमत हो गया है। ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघर गालिबफ के करीबी एक सूत्र ने कहा, "अमेरिका को किसी भी तरह के परमाणु सामग्री देने पर कोई बातचीत नहीं हुई है।” वहीं एक अन्य ईरानी सूत्र ने इस दावे को पूरी तरह से खारिज करते हुए इसे एक और झूठ बताया, और कहा कि बातचीत में कोई बड़ी प्रगति नहीं हुई है।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


