मुनीर की सेना ने PoK में मचाया उत्पात, आम लोगों पर बरसाईं गोलियां; 6 की गई जान
पीओके में एक बार फिर पाकिस्तानी सेना की बर्बरता सामने आई है। मंगलवार को मुनीर की सेना ने आम लोगों पर अचानक गोलीबारी कर दी गई, जिसमें कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है।

पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आम लोगों पर अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को आसिम मुनीर की सेना और सुरक्षा बलों ने बिना किसी कारण के आम लोगों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें कम से कम 6 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है और स्थिति बेकाबू होती जा रही है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह-सुबह पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रावलकोट के मटियाल मीरा बस टर्मिनल क्षेत्र और सुधनोती जिले के बलोच इलाके में निहत्थे नागरिकों पर बल प्रयोग किया। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
रिपोर्ट के अनुसार, मरने वालों में मटियाल मीरा बस टर्मिनल के पास वाजिद हयात शामिल हैं। वहीं बलोच (सुधनोती) क्षेत्र में जाहिद मुगल, जफर मुगल, अर्सलान अकबर समेत अन्य नागरिकों की मौत हुई है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है। उन्होंने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी है। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं।
वाइट हाउस तक पहुंची PoK की आवाज
इस खून-खराबे से महज एक दिन पहले अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में PoK के लोगों ने वाइट हाउस के सामने प्रदर्शन किया। करीब 100 प्रदर्शनकारियों, जिनमें महिलाएं, बच्चे और समुदाय के नेता शामिल थे, ने पाकिस्तानी सेना द्वारा किए जा रहे जुल्म की निंदा की और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सैन्य बलों से PoK के सिविलियन इलाकों से तुरंत हटने की मांग की। उन्होंने इंटरनेट शटडाउन की भी निंदा की, जिसके कारण लगभग 40 लाख लोग बाहरी दुनिया से कट गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने भारत से अपील की कि वह लोगों की जान बचाने और मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए हस्तक्षेप करे।
भारत ने की पाकिस्तान की आलोचना
वहीं, विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में PoK में चल रहे प्रदर्शनों और हिंसा की निंदा करते हुए इसे पाकिस्तान के 'सिस्टेमैटिक शोषण' का परिणाम बताया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पीओके में हो रहे प्रदर्शन पाकिस्तान के दशकों पुराने सिस्टेमैटिक शोषण, मौलिक अधिकारों से इनकार और गैर-कानूनी कब्जे वाले क्षेत्रों में प्रशासनिक जुल्म का सीधा नतीजा हैं। विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वह पाकिस्तान को आम लोगों पर अत्याचार के लिए जवाबदेह ठहराए।
पीओके में गंभीर आर्थिक और स्वास्थ्य संकट
बता दें कि पीओके में हाल की हिंसा के अलावा गहरी आर्थिक तंगी और मानवीय संकट भी गहराता जा रहा है। 2025 की एक अध्ययन रिपोर्ट के अनुसार, हालांकि 66 प्रतिशत आबादी कृषि और पशुपालन पर निर्भर है, फिर भी 57 प्रतिशत से अधिक परिवारों में खाने की कमी है। करीब 29 प्रतिशत लोग कुपोषित हैं, जो पाकिस्तान के राष्ट्रीय औसत 19.9 प्रतिशत से कहीं अधिक है। पहाड़ी इलाकों में यह स्थिति और भी बदतर है, जहां 90 प्रतिशत घर खाद्यान्न की कमी से प्रभावित हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी स्थिति चिंताजनक है। पाकिस्तान की वॉलंटरी नेशनल रिव्यू रिपोर्ट के मुताबिक, पांच साल से कम उम्र के 39 प्रतिशत बच्चों का विकास रुका हुआ है और मातृ मृत्यु दर प्रति एक लाख जीवित जन्मों पर 104 है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


