तारिक रहमान की वापसी और क्रिसमस से पहले ढाका में बम धमाका, एक शख्स की मौत

Dec 24, 2025 09:14 pm ISTPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

द डेली स्टार की रिपोर्ट में कहा गया है कि एक फ्लाई ओवर से पेट्रोल बम फेंका गया था, जिसकी चपेट में एक शख्स आ गया और उसकी मौत हो गई। इस धमाके में मारे गए शख्स की पहचान सैफुल सियाम के तौर पर हुई है। धमाका शाम 7 बजे हुआ।

तारिक रहमान की वापसी और क्रिसमस से पहले ढाका में बम धमाका, एक शख्स की मौत

पड़ोसी देश बांग्लादेश में अराजकता का माहौल कायम है। वहां हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। क्रिसमस से एक दिन पहले बुधवार की शाम राजधानी ढाका के मोघाबाजार इलाके में पेट्रोल बम से धमाका हुआ है। इस धमाके में एक शख्स की मौत हो गई है। द डेली स्टार की रिपोर्ट में कहा गया है कि एक फ्लाई ओवर से शाम करीब 7 बजे पेट्रोल बम फेंका गया था, जिसकी चपेट में एक शख्स आ गया और उसकी मौत हो गई। इसके अलावा कई लोग घायल भी हुए हैं। धमाके में मारे गए शख्स की पहचान सैफुल सियाम के तौर पर हुई है।

हातिरझील पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर (ऑपरेशंस) मोहम्मद मोहिउद्दीन ने द डेली स्टार को इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "सैफुल सड़क किनारे एक स्टॉल पर चाय पी रहा था, तभी ऊपर फ्लाईओवर से फेंका गया एक बम उस पर जा गिरा।" इंस्पेक्टर ने आगे बताया कि इस धमाके की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह घटना वायरलेस गेट एरिया के पास बांग्लादेश फ्रीडम फाइटर्स काउंसिल के ठीक सामने हुई है। अभी तक इस हमले के पीछे की मंशा का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके और उसका मकसद पता लगाया जा सके।

एक अहम बात यह भी है कि ये धमाका ऐसे वक्त पर हुआ है, जब देश में संसदीय चुनाव का ऐलान हो चुका है और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान 25 दिसंबर को बांग्लादेश लौट रहे हैं। मां की बीमारी की स्थिति में तारिक रहमान ही बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की चुनावों में कमान संभालने वाले हैं। उनके आगमन को लेकर बांग्लादेश में बड़ी तैयारी की गई है। वह पिछले 17 वर्षों से लंदन में स्वनिर्वासन में रह रहे हैं। रहमान गुरुवार को ढाका में एक बड़ी रैली को संबोधित करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस रैली में लाखों लोग शामिल होंगे।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;