रूस के मेडिकल कॉलेज में खूनी खेल, हॉस्टल में घुसकर चाकू से हमला; 4 भारतीय छात्र भी घायल

Feb 08, 2026 06:49 am ISTAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share

रूस के बश्कोर्तोस्तान के एक विश्वविद्यालय में चाकूबाजी की घटना में कम से कम चार भारतीय छात्र भी बुरी तरह घायल हो गए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई गई है। 15 साल के एक छात्र ने ही हमला किया था जिसमें कुल 8 लोग घायल हो गए। 

रूस के मेडिकल कॉलेज में खूनी खेल, हॉस्टल में घुसकर चाकू से हमला; 4 भारतीय छात्र भी घायल

रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के एक विश्वविद्यालय में शनिवार को चाकूबाजी की घटना में कम से कम चार भारतीय छात्र भी बुरी तरह घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक इस हमले में कुल आठ लोगों को निशाना बनाया गया है।

मीडिया में आई खबरों और यहां भारतीय मिशन की तरफ से यह जानकारी दी गई। रूस के गृह मंत्रालय ने कहा कि प्रारंभिक खबरों के अनुसार, चाकू लिए एक किशोर रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के उफा में स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुस गया, उसने वहां रहने वाले छात्रों पर हमला किया और उनमें से कई को चाकू मार दिया।

खुद को भी मारा चाकू

आरटीवीआई डॉट कॉम वेबपोर्टल ने यहां के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क के हवाले से कहा, "हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके दौरान दो पुलिस अधिकारियों को चाकू लग गया। इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया।"

एक की हालत गंभीर

इसे "दुर्भाग्यपूर्ण घटना" बताते हुए यहां स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, "चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं।" दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और कज़ान स्थित वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए उफ़ा रवाना हो गए हैं। एक विज्ञप्ति में रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में घायल चार लोगों को चिकित्सकीय उपचार दिया जा रहा है। मंत्रालय के अनुसार, इनमें से एक की हालत गंभीर है, जबकि तीन अन्य की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

'बाजा' टेलीग्राम चैनल ने कहा कि हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मॉस्को से करीब 1200 किलोमीटर दूर स्थित बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा में इस घटना की उच्च स्तरीय जांच शुरू की गई है।

बाज़ा चैनल ने दावा किया कि हमलावर एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से जुड़ा था। रेन टीवी ने एम्बुलेंस वैन द्वारा घायलों को अस्पताल ले जाने के फुटेज दिखाते हुए कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, "चारों ओर खून था"।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।