नाइजीरिया में एयरस्ट्राइक, 200 लोगों के मारे जाने की आशंका; किसने किया हमला?
बोको हराम आतंकवादियों का पीछा कर रहे नाइजीरियाई सैन्य जेट विमानों ने गलती से योबे के गीदाम जिले के फुचिमेरम वार्ड स्थित जिल्ली बाजार पर बमबारी कर दी। इस हादसे में 200 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।

नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी राज्य योबे से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बोको हराम आतंकवादियों का पीछा कर रहे नाइजीरियाई सैन्य जेट विमानों ने गलती से योबे के गीदाम जिले के फुचिमेरम वार्ड स्थित जिल्ली बाजार पर बमबारी कर दी। इस हादसे में 200 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय पार्षद और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला उस समय हुआ जब बाजार में बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्राहक मौजूद थे। योबे के गीदाम जिले के पार्षद और पारंपरिक प्रमुख लॉवन जन्ना नूर गीदाम ने बताया कि हवाई हमले में अब तक 200 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। घायलों को योबे और बोर्नो राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
वहीं, नाइजीरियाई वायु सेना ने बोर्नो राज्य के जिल्ली क्षेत्र में बोको हराम आतंकवादियों पर हमला करने का दावा किया है, लेकिन बाजार पर हुए हमले का कोई जिक्र नहीं किया। रविवार को जारी बयान में वायु सेना ने इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की और आगे पूछताछ पर भी चुप्पी साध ली। दूसरी ओर योबे राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (SEMA) ने जिल्ली बाजार में हुई घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट की पुष्टि की है। एजेंसी ने कहा कि कुछ विक्रेताओं के हताहत होने की आशंका है और आपातकालीन प्रतिक्रिया को सक्रिय कर दिया गया है।
वहीं, तीन अन्य स्थानीय निवासियों और एक अंतरराष्ट्रीय मानवीय एजेंसी के अधिकारी ने भी हमले और बड़ी संख्या में मौतों की पुष्टि की है। बाजार में चिकित्सा सामग्री बेचने वाले 43 वर्षीय अहमद अली ने अस्पताल से फोन पर बताया कि विस्फोट के समय मैं वहां था। मैं इतना डर गया कि भागने लगा, लेकिन एक दोस्त ने मुझे खींच लिया और हम सब जमीन पर लेट गए।
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना बोर्नो राज्य की सीमा पर स्थित योबे के एक गांव में हुई, जो लंबे समय से बोको हराम विद्रोह का केंद्र रहा है। इस विद्रोह में अब तक हजारों लोग मारे जा चुके हैं और लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं। हालांकि अभी तक मौतों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह संख्या और बढ़ सकती है। घटना की जांच जारी है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


