
जिस आसिम मुनीर की बोलती थी तूती, शरीफ भाइयों ने ही कर दिया खेला; CDF पर पाक में नया सर्कस क्यों
Asim Munir: पूरा पाकिस्तान अब मुनीर का मजाक उड़ाने लगा है। लोग सोशल मीडिया पर मीम्स बनाकर आसिम मुनीर को ताना मार रहे हैं। कोई 'जनरल रिटायर्ड असीम मुनीर' कह रहा है तो कोई 'नकली आर्मी चीफ' कह रहा है।
Asim Munir: पड़ोसी देश पाकिस्तान में इन दिनों सत्ता के उच्चतम स्तर पर नया खेल चल रहा है। 27वें संविधान संधोधन के बाद पाक सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को 29 नवंबर को देश के पहले CDF यानी चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज नियुक्त करने की अधिसूचना जारी होनी थी लेकिन प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ऐसा किए बिना ऐन मौके पर संयुक्त अरब अमीरात चले गए। फिर वहां से लंदन चले गए। साफ है कि वह इस मसले पर नोटिफिकेशन जारी करने से पहले अपने बड़े भाई और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मशविरा करने गए होंगे। जब सोमवार को पीएम शरीफ लंदन से लौटे तो इस्लामाबाद उतरने की बजाय लाहौर चले गए।
पीएम शहबाज शरीफ की इस्लामाबाद से दूरी ने आसिम मुनीर को बेचैन कर रखा है। उनकी धड़कनें बढ़ती जा रही हैं। दूसरी तरफ, पूरा पाकिस्तान अब मुनीर का मजाक उड़ाने लगा है। लोग सोशल मीडिया पर मीम्स बनाकर आसिम मुनीर को ताना मार रहे हैं। कोई 'जनरल रिटायर्ड असीम मुनीर' कह रहा है तो कोई 'नकली आर्मी चीफ' कह रहा है। एक यूजर ने लिखा है कि 'मैं उसे रिटायर्ड मानता हूँ'। पाँच दिन हो गए हैं, और अभी भी आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर को नए बनाए गए पद CDF पर प्रमोट करने का कोई नोटिफिकेशन नहीं आया है। कुछ लोग इसे एक और सिविलियन-मिलिट्री लीडरशिप की लड़ाई के तौर पर देख रहे हैं तो कुछ इसके पीछे बड़ी सौदेबाजी देख रहे हैं।
खेल के पीछे नवाज शरीफ का हाथ
कहा जा रहा है कि इस खेल के पीछे नवाज शरीफ का हाथ है। दरअसल, नवाज शरीफ आसिम मुनीर को CDF की कुर्सी नहीं देना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ये पद सौंपने के लिए शरीफ ने आसिम मुनीर के सामने कुछ शर्तें रखी हैं। पाकिस्तान के पूर्व सैन्य अधिकारी आदिल राजा के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि नवाज शरीफ ने पाक सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम को फिर से खुफिया एजेंसी ISI का महानिदेशक (DG-ISI) बनाने की शर्त रखी है। अंजुम 2024 तक इस पद पर रह चुके हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि नवाज शरीफ के पास इसके समर्थन में एक मजबूत तर्क है। वह यह कि साल 1989 में लेफ्टिनेंट जनरल शम्सुर्रहमान कल्लू को रिटायरमेंट के बाद बेनजीर भुट्टी ने DG-IS बनाया था।
एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू से मुलाकात
इसके अलावा नवाज शरीफ ने अपनी पसंद के दो फोर स्टार जनरल नियुक्त करने की भी शर्त रखी है। शरीफ चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) और नेशनल कमांड अथॉरिटी के प्रमुख पद पर अपनी पसंद के आदमी को देखना चाहते हैं। इसी बीच पाक एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू ने नवाज शरीफ से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि शरीफ ने ये मुलाकात कर आसिम मुनीर पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश की है।
आसिम मुनीर की राह नहीं आसान
बता दें कि CDF के नए पद पर नियुक्ति की अधिसूचना आसिम मुनीर को पाकिस्तान का सबसे शक्तिशाली व्यक्ति बना देगा क्योंकि सीडीएफ को राष्ट्रपति के समान कानूनी सुरक्षा मिल सकेगी। उसे हर तरह के अभियोजन से छूट मिल जाएगी। इतना ही नगीं नोटिफिकेशन जारी होते ही मुनीर तीनों सेनाओं थल, वायु और नौसेना के सर्वोच्च सैन्य कमांडर बन जाएंगे। हालांकि, शरीफ भाइयों की चुप्पी बता रही है कि आसिम मुनीर का रास्ता इतना आसान नहीं रहने वाला है।

लेखक के बारे में
Pramod Praveenलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




