ईरान अटैक करता तो खुद को बचा नहीं पाता इजरायल, नेतन्याहू ने ट्रंप से कहा था हमला मत करना

Jan 20, 2026 11:05 am ISTNisarg Dixit वार्ता
share Share
Follow Us on

डोनाल्ड ट्रम्प के वरिष्ठ सलाहकारों का मानना था कि हमला होने ही वाला है, लेकिन ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची द्वारा मध्य पूर्व मामलों के सलाहकार स्टीव विटकॉफ को एक संदेश भेजने के बाद तनाव कम हो गया। इस संदेश ने 'स्थिति को शांत करने में मदद की।'

ईरान अटैक करता तो खुद को बचा नहीं पाता इजरायल, नेतन्याहू ने ट्रंप से कहा था हमला मत करना

ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई से पूरी तरह निपटने में तैयार नहीं होने के मद्देनजर इजरायल ने पिछले हफ्ते अमेरिका से ईरान पर हमला नहीं करने का अपील की थी। द वाशिंगटन पोस्ट अखबार ने व्हाइट हाउस के एक करीबी अज्ञात सूत्र का हवाला देते हुए बताया कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पिछले हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से ईरान पर हमला नहीं करने का आग्रह किया था। नेतन्याहू का तर्क था कि ईरान की जवाबी कार्रवाई को सहने के लिए इजरायल पूरी तरह तैयार नहीं है।

अखबार के अनुसार, नेतन्याहू ने ट्रम्प से कहा था कि इजरायल ईरान के संभावित जवाबी हमले के खिलाफ खुद की रक्षा के लिए तैयार नहीं है, खासकर तब जब अमेरिका की ओर से इजरायल को ईरानी मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने में मदद करने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त बल प्रदान नहीं कर दिया जाता है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री के एक सलाहकार के हवाले से कहा गया कि नेतन्याहू का मानना है कि वर्तमान अमेरिकी योजना पर्याप्त प्रभावी नहीं है और वांछित परिणाम नहीं देगी।

एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि 12 दिवसीय युद्ध के दौरान उस क्षेत्र में अमेरिकी सेना की पर्याप्त उपस्थिति का न होना एक वैचारिक दोष था। उस समय इजरायल ने अमेरिकी सेना पर बैलेस्टिक मिसाइलों को रोकने का भरोसा किया था।

फोन पर हुई थी लंबी बात

रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच फोन पर 14 जनवरी को बातचीत हुई थी, जब उम्मीद की जा रही थी कि ट्रम्प ईरान के खिलाफ हवाई हमले शुरू करेंगे। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार सऊदी के राजकुमार मोहम्मद सलमान ने भी ट्रम्प के साथ फोन पर बातचीत की थी और क्षेत्रीय सुरक्षा की चिंताओं का हवाला देते हुए हमला नहीं करने की सलाह दी थी।

क्यों नहीं किया ट्रंप ने हमला

रिपोर्ट में कहा गया कि ट्रम्प के वरिष्ठ सलाहकारों का मानना था कि हमला होने ही वाला है, लेकिन ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची द्वारा मध्य पूर्व मामलों के सलाहकार स्टीव विटकॉफ को एक संदेश भेजने के बाद तनाव कम हो गया। इस संदेश ने 'स्थिति को शांत करने में मदद की।'

अखबार ने बताया कि ट्रंप ने क्षेत्र में अमेरिकी सेना की अपर्याप्त उपस्थिति, इजरायल और सऊदी अरब जैसे सहयोगियों की चेतावनी, उनके वरिष्ठ सलाहकारों की चिंताओं के कारण हमला नहीं करने का फैसला किया। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने शनिवार को ही अयातुल्ला अली खामेनेई के 37 साल के शासन को समाप्त करने की घोषणा की थी।

ईरान में प्रदर्शनकारियों के साथ ट्रंप

हाल के हफ्तों में, कथित तौर पर ईरान भर में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हजारों प्रदर्शनकारी मारे गए। ऐसे समय में ट्रंप ने ईरानियों को विरोध प्रदर्शन जारी रखने और संस्थानों पर नियंत्रण करने के लिए प्रोत्साहित किया और यह दावा कि जल्द ही बाहरी सहायता मिलने वाली है।

ट्रम्प ने हालांकि अगले ही दिन अपना रुख बदल लिया और कहा कि उन्हें सूचित किया गया है कि हिंसा कम हो गई है। उन्होंने संभावित अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सामूहिक फांसी रोकने में श्री खामेनेई का संयम 'उनका अब तक का सबसे अच्छा निर्णय था।' गौरतलब है कि खामनेई के आधिकारिक एक्स एकाउंट से अमेरिका पर बार-बार यह आरोप लगाया गया है कि वह ईरान में अस्थिरता को बढ़ावा दे रहा है।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;