नेपाल की बाढ़ में बहकर आया बैंक लॉकर, लोगों ने निकाल लिए 92 लाख कैश; 29 गिरफ्तार

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Nepal Flood Updates: रसुवा जिले के भोटेकोशी क्षेत्र से बाढ़ के तेज पानी में बैंक की एक भारी तिजोरी बह गई थी। बाद में यह लॉकर धादिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 स्थित बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे बहकर आ लगा।

नेपाल की बाढ़ में बहकर आया बैंक लॉकर, लोगों ने निकाल लिए 92 लाख कैश; 29 गिरफ्तार
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से भारी तबाही। कई बैंक बह गए।

Nepal Flood Updates: नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के हाहाकार के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटनाएं भी सामने आई हैं। रसुवा इलाके से भोटेकोशी नदी के तेज बहाव में बहकर त्रिशूली नदी तक पहुंचे एक बैंक के लॉकर को तोड़कर पैसे चुराने के आरोप में पुलिस ने 29 लोगों को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही बाढ़ के पानी में बहकर आई एक मृत महिला के कान से सोने की बालियां चुराने के आरोप में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

आपको बता दें कि रसुवा जिले के भोटेकोशी क्षेत्र से बाढ़ के तेज पानी में बैंक की एक भारी तिजोरी बह गई थी। बाद में यह लॉकर धादिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 स्थित बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे बहकर आ लगा। धादिंग पुलिस को सूचना मिली कि स्थानीय लोग नदी किनारे पड़े इस लॉकर को तोड़कर उसमें रखे पैसे निकाल रहे हैं। सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की।

92 लाख से अधिक नेपाली रुपये बरामद

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 29 लोगों को हिरासत में ले लिया। इनके पास से 92,68,505 नेपाली रुपये की नकदी बरामद की गई है। धादिंग पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अधिकांश आरोपी गल्छी-4 के मास्टर गांव के निवासी हैं। कुछ आरोपी गल्छी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमटार के रहने वाले हैं। इसके अलावा चितवन और पर्सा मूल के कुछ लोग भी शामिल हैं, जो वर्तमान में धादिंग में रह रहे थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद नकदी किस बैंक की है और क्या इस घटना में कुछ अन्य लोग भी शामिल थे।

महिला के शव से सोने के आभूषण चोरी

आपदा के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक और मामला नारायणी नदी के पास से आया है। बाढ़ में बहकर आए एक शव से दो व्यक्तियों ने सोने की बालियां निकाल लीं। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

बाढ़ से नेपाल में अब तक 626 लोगों की मौत

नेपाल के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने शनिवार को आंकड़े अपडेट करते हुए बताया कि नेपाल में आई इस भीषण आपदा में अब तक 626 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, लापता लोगों की संख्या में भारी उछाल आया है। शुक्रवार रात तक जहां 1,924 लोग लापता बताए जा रहे थे, वहीं शनिवार को यह आंकड़ा बढ़कर 2,426 हो गया है। लापता लोगों में 517 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य बड़े पैमाने पर जारी हैं।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़नेपाल की बाढ़ में बहकर आया बैंक लॉकर, लोगों ने निकाल लिए 92 लाख कैश; 29 गिरफ्तार