
बांग्लादेश: हिंसा के बीच यूनुस को झटका, गृह मंत्रालय के विशेष सहायक खुदाबख्श चौधरी का इस्तीफा
उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब विद्रोह के नेता उस्मान हादी की मौत के बाद देश में हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। इसी बीच बुधवार को ढाका के एक चर्च के पास बम हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
बांग्लादेश में लगातार जारी अशांति और हिंसा के बीच अंतरिम सरकार को बड़ा झटका लगा है। मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के गृह मंत्रालय के विशेष सहायक खुदाबख्श चौधरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। बांग्लादेश में पूर्व पुलिस महानिदेशक (IGP) रह चुके खुदाबख्श चौधरी को 10 नवंबर 2024 को मोहम्मद यूनुस का विशेष सहायक नियुक्त किया गया था।
उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब विद्रोह के नेता उस्मान हादी की मौत के बाद देश में हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। इसी बीच बुधवार को ढाका के एक चर्च के पास बम हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना ने राजधानी में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में हिंसा की नई लहर देखने को मिली। उग्र भीड़ ने देश के दो प्रमुख अखबारों डेली स्टार और प्रथम आलो के कार्यालयों को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा, 1960 के दशक में स्थापित दो प्रमुख सांस्कृतिक संगठनों छायानट और उदिची शिल्पी गोष्ठी के दफ्तरों को भी निशाना बनाया गया।
यह हिंसा ऐसे समय हो रही है, जब बांग्लादेश में राष्ट्रीय चुनाव में दो महीने से भी कम समय शेष है। बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव प्रस्तावित हैं। यह चुनाव जुलाई 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद होने वाला पहला राष्ट्रीय चुनाव होगा।
खुदाबख्श चौधरी का इस्तीफा यूनुस की अंतरिम सरकार से हुआ चौथा बड़ा इस्तीफा है। इससे पहले छात्र नेता और सलाहकार नाहिद इस्लाम ने 2025 की शुरुआत में इस्तीफा दिया था। 10 दिसंबर 2025 को आसिफ महमूद शोजिब भुइयां ने स्थानीय सरकार, ग्रामीण विकास और सहकारिता मंत्रालय के सलाहकार पद से इस्तीफा दिया। उसी दिन महफुज आलम ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सलाहकार पद से त्यागपत्र सौंपा।

लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




