
कौन हैं मोतालेब सिकदर जिसे सिर में मार दी गई गोली? बांग्लादेश में और बिगड़ सकते हैं हालात
इससे पहले पिछले सप्ताह छात्र आंदोलन से जुड़े शरीफ उस्मान हादी की हत्या कर दी गई थी। 12 दिसंबर को ढाका के बिजयनगर इलाके में एक चुनावी अभियान के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने हादी के सिर में गोली मार दी थी।
Bangladesh News: बांग्लादेश में ही हिंसक प्रदर्शनों के बीच एक और छात्र नेता पर जानलेवा हमले की बात सामने आई है जिसके बाद हालात और बिगड़ सकते हैं। सोमवार को अज्ञात हमलावरों ने बांग्लादेश के एक और युवा छात्र नेता को निशाना बनाया है। जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने छात्र नेता मोतालेब सिकदर को सिर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना ऐसे समय में हुई है, जब कुछ ही दिन पहले ढाका में गोली लगने के बाद छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत हो गई थी। हादी की मौत के बाद से ही बांग्लादेश उबाल पर है।
बांग्लादेश के स्थानीय समाचार पोर्टल द डेली स्टार के मुताबिक, हमलावरों ने मोतालेब सिकदर को सोमवार सुबह दक्षिण-पश्चिमी बांग्लादेश के खुलना शहर में सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उन्हें गंभीर हालत में खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इमरजेंसी इलाज शुरू किया गया। पीटीआई समाचार एजेंसी ने अस्पताल सूत्रों के हवाले से बताया कि गोली सिकदर के सिर के बाईं तरफ लगी थी और अस्पताल लाए जाने के समय उन्हें काफी खून बह रहा था।
कौन हैं मोतालेब सिकदर
मोतालेब सिकदर नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के नेता हैं। बता दें कि यह वही पार्टी है जिसके एक नेता हसनत अब्दुल्ला ने हाल ही में भारत के खिलाफ बयानबाजी की थी। पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, वह एनसीपी के खुलना डिवीजन प्रमुख हैं और पार्टी के वर्कर्स फ्रंट के केंद्रीय समन्वयक भी हैं। एनसीपी ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि “नेशनल सिटिजन पार्टी के खुलना डिवीजन प्रमुख और वर्कर्स फ्रंट के सेंट्रल कोऑर्डिनेटर मोलताब सिकदर को कुछ मिनट पहले गोली मार दी गई है।”
42 वर्षीय मोतालेब सिकदर बांग्लादेश में 2004 में हुए हिंसक छात्र आंदोलन के दौरान एक चेहरा रहे थे। जानकारी के मुताबिक वह खुलना के सोनाडांगा इलाके के शेखपाड़ा पल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11:45 बजे गाजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पास अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर को निशाना बनाकर गोली चलाई। हमलावरों को उद्देश्य उनकी जान लेना ही था।
हालांकि सोनाडांगा मॉडल पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी मोहम्मद रफीकुल इस्लाम ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सिकदर खतरे से बाहर हैं। गोली उनको छूकर दूसरी तरफ से बाहर निकल गई।
हादी की मौत के बाद बढ़ा तनाव
इससे पहले शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़क उठी है। 12 दिसंबर को ढाका के बिजयनगर इलाके में एक चुनावी अभियान के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने हादी के सिर में गोली मार दी थी। 32 वर्षीय शरीफ उस्मान हादी ‘इंकलाब मंच’ के प्रवक्ता थे और फरवरी में होने वाले आम चुनाव के उम्मीदवार भी थे। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया था, जहां गुरुवार को उनकी मौत हो गई। इसके बाद ढाका और अन्य शहरों में हिंसा फिर से भड़क उठी है।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




