
सत्ता के नशे में चूर मो. यूनुस? बांग्लादेश के राष्ट्रपति ने लगाया बड़ा आरोप, बोले- अब जाना चाहता हूं…
राष्ट्रपति शहाबुद्दीन का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बांग्लादेश में अंतरिम सरकार और सेना के बीच संतुलन, चुनाव की निष्पक्षता और राजनीतिक स्थिरता को लेकर लगातार बहस हो रही है।
बांग्लादेश में अगले साल होने वाले चुनावों तारीखों की घोषणा के बीच देश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस पर बड़ा आरोप लगाया है। शहाबुद्दीन ने कहा है कि देश में उनका इस हद तक अपमान हो रहा है कि वह अब पद छोड़ना चाहते हैं। उन्होंने अंतरिम सरकार पर उनकी आवाज दबाने का भी आरोप लगाया है।
राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने गुरुवार को रॉयटर्स को दिए एक गए इंटरव्यू में बताया कि अंतरिम सरकार उनसे जिस तरह पेश आ रही है, उससे वह बहुत अपमानित महसूस कर रहे हैं। शहाबुद्दीन ने कहा कि वह अगले साल 12 फरवरी होने वाले आम चुनाव के बाद पद छोड़ना चाहते हैं। बता दें कि 75 वर्षीय शहाबुद्दीन 2023 में शेख हसीना की अवामी लीग के उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध राष्ट्रपति चुने गए थे।
मेरी आवाज दबा दी गई है- राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने इंटरव्यू में कहा कि उनकी आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने कहा, “मैं पद छोड़ना चाहता हूं। लेकिन चुनाव होने तक मुझे संविधान के तहत बने रहना होगा।” राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि यूनुस ने उनसे सात महीने से मुलाकात नहीं की, उनकी प्रेस टीम हटा दी गई और सितंबर में दुनिया भर की एंबेसी से उनके पोर्ट्रेट एक रात में हटवा दिए गए।
उन्होंने कहा, “इससे गलत संदेश गया कि शायद राष्ट्रपति को हटाया जाने वाला है। मैं बेहद अपमानित महसूस कर रहा था।” उन्होंने बताया, “मैंने यूनुस को इस बारे में पत्र भी लिखा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मेरी आवाज को दबा दिया गया है।”
शेख हसीना से हुई बात?
इस दौरान जब शहाबुद्दीन से पूछा गया कि क्या देश छोड़ने के बाद शेख हसीना ने उनसे संपर्क किया, तो उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति बनने के बाद से मैं स्वतंत्र रहा हूं किसी पार्टी से जुड़ा नहीं हूं।”

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




