भीड़ ने सिर पर मारा और पेट्रोल डालकर... बांग्लादेश में हिंदुओं का जीना हुआ मुहाल
बांग्लादेश में हिंदू शख्स पर हुए हमले के बारे में पीड़ित की बहन ने बताया कि यह हमला रात 8:30 बजे हुआ। भीड़ ने उनके सिर पर मारा और उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वह मदद के लिए चिल्लाते हुए पानी में कूदने की कोशिश कर रहे थे।
बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा लगातार जारी है। मोहम्मद यूनुस के राज में हिंदुओं का जीना मुहाल हो गया है। बीते दिन एक और हिंदू शख्स खोकोन चंद्र दास पर हमला करके उन्हें आग के हवाले कर दिया गया। उनके परिवार ने शुक्रवार को उन पर हुए बेरहम हमले की भयानक कहानी बताई है। हमले में 30 प्रतिशत जलने के बाद दास का फिलहाल ढाका में इलाज चल रहा है। दास की बहन ने बताया कि भीड़ ने उनके भाई के सिर पर मारा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।
उनकी पत्नी, सीमा दास ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते काफी दुखी नजर आईं। अपने छोटे बच्चे को गोद में लिए हुए उन्होंने बताया कि कैसे दास जब घर में घुसने वाले थे, तभी बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया और उन पर हमला किया। उन्होंने कहा, "मेरे पति, जो एक बिजनेसमैन हैं, जब घर में घुस रहे थे, तभी भीड़ ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वह एक शांत स्वभाव के इंसान हैं और शांतिपूर्ण जीवन जीते हैं। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, और हम हमले के पीछे का मकसद समझ नहीं पा रहे हैं।"
वहीं, पीड़ित की बहन अंजना रानी दास ने बताया कि दास के सिर पर लाठियों से वार करने की वजह से वह खून से लथपथ हो गए थे। उन्होंने इस भयानक हमले के बारे में बताते हुए कहा, "यह हमला रात 8:30 बजे हुआ। भीड़ ने उनके सिर पर मारा और उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वह मदद के लिए चिल्लाते हुए पानी में कूदने की कोशिश कर रहे थे।"
'चेहरा और हाथ जल गया'
दास के भतीजे सौरभ दास ने बताया कि हमले की खबर मिलते ही वह तुरंत अस्पताल पहुंचे और उनके चाचा की हालत गंभीर थी। उन्होंने कहा, "जैसे ही मुझे चाचा पर हमले का फोन आया, मैं अस्पताल पहुंच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। मेरे चाचा का चेहरा और हाथ जल गए थे।" पीड़ित के एक और भतीजे प्रांतो दास ने हमले की पूरी जांच की मांग की।
दो अन्य हिंदुओं पर भी हमला
बांग्लादेश में पिछले कुछ ही दिनों में दो अन्य हिंदू युवकों को निशाना बनाया जा चुका है। मयमनसिंह शहर में कथित ईशनिंदा के आरोप में 18 दिसंबर को दीपू चंद्र दास नामक 25 वर्षीय हिंदू व्यक्ति की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसके शरीर को आग लगा दी थी। एक सप्ताह बाद, 24 दिसंबर को, राजबारी कस्बे के पांग्शा में जबरन वसूली के आरोप में अमृत मंडल नामक एक अन्य हिंदू व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी को मीडिया में एक दशक से भी ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं। मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत कई पुरस्कार जीते हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




