Bangladesh Election Results: बांग्लादेश में बीएनपी ने 210 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। कुल 299 निर्वाचन क्षेत्रों में गुरूवार हुए मतदान के बाद चुनाव परिणाम लगभग घोषित कर दिए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक बीएनपी ने दो तिहाई बहुमत प्राप्त कर लिया है। वहीं जमात-ए-इस्लामी के अगुआई वाले गठबंधन को तगड़ा झटका लगा है।
बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने 17 साल के निर्वासन के बाद वतन लौटकर चुनावी मैदान में अपना दबदबा साबित किया है। कुछ खबरों में बताया गया है कि उन्होंने ढाका-17 और बोगरा-6 दोनों ही महत्वपूर्ण सीटों से जीत हासिल कर ली है। उनकी जीत की खबर के बाद बीएनपी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। उनके अलावा अन्य प्रमुख लोगों में मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, मोहम्मद असदुज्जमान और रुमीन फरहाना जीत की ओर बढ़ रहे हैं।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद हुए इन पहले चुनावों में बंपर मतदान हुआ है। यह पहला मौका है जब अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग चुनावी मैदान से पूरी तरह गायब है। भारत में निर्वासन में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस चुनाव को "सोची-समझी धोखाधड़ी" और "प्रहसन" करार दिया है। वहीं, अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया है।अंतिम परिणाम शुक्रवार दोपहर तक स्पष्ट होने की उम्मीद है। यदि मौजूदा रुझान बरकरार रहते हैं, तो तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
13 Feb 2026, 09:34:18 PM IST
Bangladesh Election Results: निर्दलीय महिला सांसद का बीएनपी को लेकर बड़ा दावा
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश चुनाव में ब्राह्मणबारिया-2 सीट से विजयी निर्दलयी उम्मीदवार रुमीन फरहाना ने कहा है कि बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के नेताओं ने आधिकारिक चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही उनसे संपर्क किया था। उन्होंने कहा, “जब उन्हें पता चला कि मैं निर्दलयी उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतने वाली हूं, तब उन्होंने मुझसे संपर्क किया। उन्होंने सुझाव दिया कि साथ में बैठक करना अच्छा रहेगा और यहां तक कि यह भी संकेत दिया कि मुझे सांसद पद से भी बड़ा पद मिल सकता है। मैंने इसे अस्वीकार कर दिया।"
13 Feb 2026, 08:10:31 PM IST
Bangladesh Election Results: यूनुस के जुलाई चार्टर को हसीना के जिले ने नकारा
Bangladesh Election Results: अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के जिले और अवामी लीग के गढ़ गोपालगंज ने जुलाई के राष्ट्रीय संविधान के तहत संवैधानिक सुधारों के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। इस चार्टर के लिए 12 फरवरी को राष्ट्रीय चुनावों के साथ मतदान हुआ था। हालांकि, राष्ट्रीय जनमत संग्रह में डाले गए अधिकांश वोटों ने सुधारों का समर्थन किया, जिसमें 4,80,74,429 लोगों ने "हां" में और 2,25,65,627 मतदाताओं ने "नहीं" में मतदान किया।
13 Feb 2026, 04:30:16 PM IST
Bangladesh Election Results: प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक रहमान को फोन कर दी बधाई
Bangladesh Election Results: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी चीफ तारिक रहमान को फोन करके ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ाने और साथ में काम करने पर भी जोर दिया।
13 Feb 2026, 02:10:02 PM IST
Bangladesh Election Results: चुनावी प्रक्रिया से सहमत नहीं- जमात-ए-इस्लामी
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने निर्वासन से लौटे श्री तारिक रहमान की अगुवाई में संसदीय चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। नवीनतम गणना के अनुसार, पार्टी ने चुनाव लड़ी गयी 299 सीटों में से लगभग 210 सीटों पर जीत दर्ज की है।
मुख्य प्रतिद्वंद्वी बंगलादेश जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11-दलीय गठबंधन ने चुनावी प्रक्रिया पर असंतोष व्यक्त किया है। परिणाम घोषित होने के बाद जारी एक बयान में जमात-ए-इस्लामी ने कहा कि वह 'चुनाव परिणामों से जुड़ी प्रक्रिया से संतुष्ट नहीं है।'
13 Feb 2026, 01:40:39 PM IST
Bangladesh Election Results: ममता बनर्जी ने बीएनपी को दी बधाई
Bangladesh Election Results: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत के लिए उसके नेता तारिक रहमान को शुक्रवार को बधाई दी।
इस चुनाव में जीत हासिल करने वाली पार्टी उस अंतरिम प्रशासन की जगह लेगी जिसने अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने के बाद कार्यभार संभाला था।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मेरी हार्दिक बधाई, शुभोनंदन, मेरे सभी भाई-बहनों और बांग्लादेश के सभी लोगों को। मेरी तरफ से उन्हें रमजान की अग्रिम मुबारक। इस बड़ी जीत के लिए मेरी बधाई मेरे तारीक-भाई, उनकी पार्टी और सभी दलों को। प्रार्थना है कि आप सभी स्वस्थ और खुश रहें।"
13 Feb 2026, 12:43:23 PM IST
Bangladesh Election Results: आवामी लीग की पुरानी सहयोगी पार्टी भी नहीं जीत पाईं
Bangladesh Election Results: इस बार के चुनाव में शेख हसीना की पुरानी सहयोगी पार्टी जातीय पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई। उसने 196 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। रंगपुर डिवीजन जातीय पार्टी का पुराना गढ़ माना जाता था लेकिन इसबार रंगपुर में ही हार का मुंह देखना पड़ा।
13 Feb 2026, 11:53:40 AM IST
Bangladesh Election Results: सरकार बनाने को तैयार- BNP
Bangladesh Election Results: इस चुनाव में जीत हासिल करने वाली पार्टी उस अंतरिम प्रशासन की जगह लेगी जिसने अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने के बाद कार्यभार संभाला था। कई मीडिया संस्थानों ने बताया कि 300 सदस्यीय संसद में बीएनपी ने 151 से अधिक सीट जीत ली हैं जो अगली सरकार के गठन के लिए पर्याप्त सीट हैं।बहरहाल, निर्वाचन आयोग (ईसी) ने इस संबंध में अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। बीएनपी के मीडिया प्रकोष्ठ ने जीत का दावा करते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी-बीएनपी अधिकतर सीट पर जीत हासिल करने के बाद सरकार बनाने के लिए तैयार है।''
13 Feb 2026, 11:24:26 AM IST
Bangladesh Election Results: पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने तारिक रहमान को दी बधाई
Bangladesh Election Results: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने बंगलादेश के संसदीय चुनावों में भारी बहुमत हासिल करने और अगली सरकार बनाने का जनादेश मिलने पर बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके नेता तारिक रहमान को बधाई दी है। जरदारी ने एक बयान में बीएनपी को भारी बहुमत के साथ जिताने पर बंगलादेश की जनता को अपनी शुभकामनाएं दीं हैं।
13 Feb 2026, 12:41:28 PM IST
Bangladesh Election Results: मल्लिकार्जुन खरगे ने भी दी बधाई
Bangladesh Election Results:
13 Feb 2026, 12:41:28 PM IST
Bangladesh Election Results: मल्लिकार्जुन खरगे ने भी दी बधाई
Bangladesh Election Results: कांग्रेस पार्टी की ओर से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी तारिक रहमान को जीत की बधाई दी है। इस बार निर्वाचन आयोग ने चुनाव के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे और लगभग 10 लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया था जो देश के चुनावी इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी तैनाती है।
13 Feb 2026, 10:14:10 AM IST
Bangladesh Election Results: बीएनपी ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
Bangladesh Election Results: बीएनपी के चुनाव सामंजस्य समिति के चीफ नजरुल इस्लाम ने कहा, हम भी अपनी पार्टी की तरफ से नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हैं। हमें उम्मीद है कि तारिक रहमान की अगुआई में दोनों देशों के संबंध मजबूत होंगे।
13 Feb 2026, 10:04:23 AM IST
Bangladesh Election Results: क्या बोले बांग्लादेश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त
Bangladesh Election Results: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ए एम एम नासिरुद्दीन ने कहा, ''पिछले चुनावों में भी मतदान प्रतिशत को लेकर बहस होती रही है। कृपया अब इसे लेकर सवाल न उठाएं।''
उन्होंने कहा कि रुझान में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक है क्योंकि कई हजार मतदान केंद्रों से नतीजे अलग-अलग समय पर आते हैं।
13 Feb 2026, 09:41:04 AM IST
Bangladesh Election Results: जमात के एक मात्र हिंदू प्रत्याशी भी हार गए चुनाव
Bangladesh Election Results: जमात के एक मात्र हिंदू प्रत्याशी कृष्ण नंदी भी खुलना-1 सीट से चुनाव हा र गए हैं। उनके खिलाफ बीएनपी के अमीर एजाज खान ने जीत हासिल की है।
13 Feb 2026, 09:20:06 AM IST
Bangladesh Election Results: पीएम मोदी ने तारिक रहमान को दी जीत की बधाई
Bangladesh Election Results: बीएनपी की बंपर जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक रहमान को बधाई दी है। उन्होंने कहा, इस जीत से साफ नजर आता है कि बांग्लादेश की जनता ने आप पर भरोसा किया है। भारत हमेशा ही लोकतांत्रिक, प्रगतिवादी और समावेशी बांग्लादेश के साथ खड़ा रहेगा। मैं दोनों देशों के बीच बहुकोणीय रिश्तों को मजबूत करने और मिले जुले विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए आशान्वित हूं।
13 Feb 2026, 09:07:22 AM IST
Bangladesh Election Results: दो तिहाई के बहुमत से बन रही सरकार- बीएनपी नेता
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश में जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ 13वां आम चुनाव कराया गया। सुधार पैकेज को 'जुलाई राष्ट्रीय घोषणापत्र' के नाम से भी जाना जाता है। बीएनपी ने पहले घोषणा की थी कि यदि वह चुनाव जीतती है तो उसके अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। बीएनपी की केंद्रीय चुनाव संचालन समिति के प्रवक्ता महदी अमीन ने शुक्रवार तड़के संवाददाताओं से कहा, ''हम दो-तिहाई से अधिक सीट जीतकर सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त हैं।''
13 Feb 2026, 08:25:43 AM IST
Bangladesh Election Results: बीएनपी ने किया सरकार बनाने का दावा
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने कहा है कि वह सरकार बनाने जा रही है। बीएनपी मीडिया सेल ने सोशल मीडिया पर कहा कि पार्टी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। स्थानीय मीडिया के मुताबिक अब तक 194 सीटों पर वोटो की गिनती पूरी हो चुकी है और 105 सीटों पर अब भी चल रही है।
13 Feb 2026, 08:23:10 AM IST
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश में अमेरिकी राजदूत ने बीएनपी को दी बधाई
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश में अमेरिकी राजदूत टी क्रिस्टेसन ने बीएनपी के नेता तारिक रहमान को जीत की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका उनेक साथ मिलकर समृद्धि और सुरक्षा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबदंध है। बता दें कि अभी आधिकारिक रूप से चुनाव परिणाम का ऐलान नहीं किया गया है। हालांकि बीएनपी ने बड़ी बढ़त हासिल कर ली है।
13 Feb 2026, 08:08:55 AM IST
Bangladesh Election Results: दो तिहाई बहुमत की ओर बीएनपी
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश में बीएनपी दो तिहाई बहुमत की ओर है। जानकारी के मुताबिक अब तक 170 सीटें बीएनपी के खाते में आ चुकी हैं और 60 से ज्यादा सीटों पर पार्टी आगे चल रही है। वहीं जमात की अगुआई वाला गठबंधन 43 सीटों पर ही सिमटता नजर आ रहा है। ऐसे में तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय है।
13 Feb 2026, 07:43:07 AM IST
Bangladesh Election Results: BNP ने कर दिया जीत का दावा
Bangladesh Election Results: तारिक रहमान की अगुआई वाली बीएनपी ने अपनी जीत का दावा कर दिया है। बीएनपी के एक नेता ने कहा, इस जीत की पूरी उम्मीद थी। यह कोई आश्चर्य की पात नहीं है कि बांग्लादेश के लोगों ने बीएनपी में भरोसा जताया है। पार्टी लोगों के सपनों को साकार करने में सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि, अभी बहुत सारी चुनौतियां हैं और यह कोई जश्न का समय नहीं है।
13 Feb 2026, 07:11:24 AM IST
Bangladesh Election Results: बीएनपी को मिला बहुमत, जमात की बड़ी हार
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश में चुनाव के बाद वोटों की गिनती अभी जारी है। हालांकि तारिक रहमान की अगुआई वाली बीएनपी को बहुमत मिल गया है। जानकारी के मुताबिक उनकी पार्टी ने 299 में से 165 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। वहीं जमात-ए-इस्लामी के अगुआई वाले 11 दलों के गठबंधन कोअब तक सिर्फ 45 सीटें मिली हैं। तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं।
13 Feb 2026, 06:50:13 AM IST
Bangladesh Election Results: दोनों सीटों से चुनाव जीत गए हैं तारिक रहमान
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार तारिक रहमान बोगरा और ढाका-17 दोनों ही सीटों से चुनाव जीत गए हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री जिया खालिदा के बेटे हैं। कुछ दिन पहल ही खालिदा का निधन हो गया है। उनकी राजनीतिक विरासत को संभालने वह 17 साल बाद लंदन से लौटे हैं।
13 Feb 2026, 06:38:40 AM IST
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश चुनाव परिणाम पर भारत की नजर
Bangladesh Election Results: भारत ने कहा कि वह बांग्लादेश में चुनावों के परिणाम और जनादेश का इंतजार करेगा तथा उसके बाद वहां मौजूद मुद्दों पर विचार करेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ''हम बांग्लादेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी और विश्वसनीय चुनाव के समर्थन में खड़े हैं।'' बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान के साथ-साथ जुलाई राष्ट्रीय चार्टर के नाम से जाने जाने वाले 84 सूत्री सुधार पैकेज के कार्यान्वयन पर एक जनमत संग्रह भी कराया गया।