Hindi Newsविदेश न्यूज़Bangladesh Earthquake 5 7 Richter Scale 4 People Dies
बांग्लादेश: ढाका और देश के कुछ हिस्सों में 5.7 तीव्रता का भूकंप; चार लोगों की मौत

बांग्लादेश: ढाका और देश के कुछ हिस्सों में 5.7 तीव्रता का भूकंप; चार लोगों की मौत

संक्षेप:

बांग्लादेश के मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजकर 38 मिनट पर आया और उसका केंद्र ढाका के उत्तर-पूर्वी बाहरी इलाके में स्थित नरसिंगडी में 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

Nov 21, 2025 07:20 pm ISTMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, ढाका
share Share
Follow Us on

बांग्लादेश में शुक्रवार को आए 5.7 तीव्रता के भूकंप के झटके राजधानी ढाका और देश के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए, जिससे एक नवजात बच्चे समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी, इमारतें क्षतिग्रस्त हो गयीं, कई स्थानों पर आग लग गयी और निवासियों में दहशत फैल गयी। अधिकारियों ने बताया कि ढाका में तीन लोगों और नारायणगंज में एक व्यक्ति की मौत हुई। स्थानीय मीडिया ने देश भर में कम से कम 50 लोगों के घायल होने की खबर दी है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बांग्लादेश के मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजकर 38 मिनट पर आया और उसका केंद्र ढाका के उत्तर-पूर्वी बाहरी इलाके में स्थित नरसिंगडी में 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। यह स्थान ढाका के अगरगांव क्षेत्र में भूकंपीय केंद्र से लगभग 13 किलोमीटर पूर्व में है। ढाका के पुलिस उपायुक्त मलिक अहसान उद्दीन सामी ने अग्निशमन सेवा के हवाले से बताया कि पुराने ढाका के अरमानीटोला इलाके में एक पांच मंजिला इमारत की रेलिंग, बाँस की मचान और मलबा गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाके में एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। सामी ने पुष्टि की कि घायलों में एक मेडिकल छात्र था जो अपनी मां के साथ मांस खरीदने आया था। उन्होंने बताया कि वह गंभीर रूप से घायल है और उसे तुरंत सर्जरी की ज़रूरत है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में से एक आठ साल का बच्चा था, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

चौथी मौत नारायणगंज में हुई, जहां मां की गोद में एक नवजात बच्ची की उस समय मौत हो गई, जब ये लोग भूकंप के कारण ढह गई दीवार के पास पैदल जा रहे थे। भूकंप के बाद पुराने ढाका में स्थित सुतरापुर के स्वामीबाग क्षेत्र में आठ-मंज़िला एक इमारत के पास की दूसरी इमारत पर झुक जाने की खबर मिली, जबकि कालाबागान क्षेत्र में एक सात-मंज़िला इमारत झुकी हुई दिखाई दी। हालांकि, अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि वह संरचनात्मक रूप से सुरक्षित है।

ढाका के आलीशान बरिधारा इलाके में भूकंप के झटके के तुरंत बाद एक घर में आग लग गई, लेकिन दमकल कर्मी यह पुष्टि नहीं कर सके कि इसका संबंध भूकंप से था या नहीं। ढाका से सटे मुं‌शीगंज के गज़ारिया इलाके में भी एक आवासीय इमारत में आग लगने की खबर मिली, जहां दमकलकर्मियों ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाया। ‘प्रथम आलो’ समाचारपत्र के अनुसार, इस भूकंप में ढाका के आसपास के तीन ज़िलों में 50 से अधिक लोग घायल हुए। विशेषज्ञों का कहना है कि बांग्लादेश में बड़े भूकंप का खतरा लंबे समय से बना हुआ है।

Madan Tiwari

लेखक के बारे में

Madan Tiwari

लखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।