बांग्लादेश में 50 फीसदी पोलिंग बूथ खतरनाक, 90% स्टेशनों पर CCTV से निगरानी; जानें कब से वोटिंग
बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव के लिए आधे से अधिक मतदान केंद्रों को संवेदनशील बताया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से 90 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। राजधानी ढाका में कई पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरे पहनाकर तैनात किया गया है।
बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव के लिए आधे से अधिक मतदान केंद्रों को 'संवेदनशील' बताया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से 90 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। राजधानी ढाका में कई पुलिसकर्मियों को 'बॉडी कैमरे' पहनाकर तैनात किया गया है। निर्वाचन आयुक्त अबुल फजल मोहम्मद सनाउल्लाह ने मंगलवार देर रात पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्थानीय स्तर पर संवेदनशीलता के आकलन के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि इन चुनावों में देश के चुनावी इतिहास में कानून प्रवर्तन कर्मियों की अब तक की सबसे बड़ी तैनाती और प्रौद्योगिकी का सबसे व्यापक उपयोग देखने को मिलेगा।
सनाउल्लाह ने कहा कि निर्वाचन आयोग को उम्मीद है कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां मतदान के दौरान और चुनाव के बाद मतदाताओं के लिए शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति से काफी हद तक संतुष्ट है और पहले की तुलना में अब स्थिति बेहतर है। उनकी यह टिप्पणी पुलिस महानिरीक्षक बहारुल आलम के बयान के कुछ देर बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि देश भर में लगभग 43000 मतदान केंद्रों में से 24,000 'उच्च' या 'मध्यम' जोखिम वाले पाए गए हैं। पुलिस ने निर्वाचन आयोग को संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची सौंपी है, जिसमें ढाका के 2131 मतदान केंद्रों में से 1614 संवेदनशील बताए गए हैं।
पहली बार ड्रोन और बॉडी-वियर कैमरे का इस्तेमाल
चुनाव आयुक्त सनाउल्लाह ने कहा कि गुरुवार को होने वाले स्वतंत्र, निष्पक्ष और तटस्थ राष्ट्रीय चुनाव तथा जनमत संग्रह को सुनिश्चित करने के लिए देश भर में लगभग 958000 कानून प्रवर्तन कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, पहली बार चुनाव सुरक्षा के लिए मानवरहित हवाई वाहन (UAV), ड्रोन और बॉडी-वियर कैमरे का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को 299 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। शेरपुर-3 में एक उम्मीदवार की मृत्यु के कारण मतदान स्थगित कर दिया गया है। इस चुनाव में कुल 2,098 कार्यकारी मजिस्ट्रेट और 657 न्यायिक मजिस्ट्रेट ड्यूटी पर रहेंगे।
चुनाव आयुक्त ने कहा कि पहली बार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यूएवी, ड्रोन और बॉडी-वियर कैमरों का इस्तेमाल हो रहा है। फील्ड में लगभग 25000 बॉडी-वियर कैमरे तैनात किए जाएंगे। इनमें से कुछ आईपी आधारित हैं जो लाइव फीड देंगे, जबकि अन्य स्थानीय रूप से रिकॉर्ड करेंगे। इसके अलावा, निरंतर निगरानी के लिए 90 प्रतिशत से अधिक केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे पहले ही लगाए जा चुके हैं।
सुबह 7:30 बजे से मतदान
उन्होंने कहा कि मतदान सुबह 7:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगा। हालांकि, शाम 4:30 बजे तक मतदान केंद्र में मौजूद मतदाताओं को भी वोट डालने की अनुमति दी जाएगी। कुल 42,659 केंद्रों पर मतदान होगा। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 12,77,00,597 मतदाताओं में से लगभग 3.58 प्रतिशत मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।
बता दें कि बांग्लादेश में एक जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ आम चुनाव हो रहे हैं। मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसके पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी को चुनाव लड़ने से रोक दिया था।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



