
भारत संग रिश्ते ताक पर रख बांग्लादेश का पाक प्रेम; 14 साल में जो नहीं हुआ, यूनुस सरकार ने दे दी मंजूरी
बांग्लादेश एक दशक से ज्यादा समय के बाद पाकिस्तान के साथ सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक 29 जनवरी से ढाका और कराची के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू हो जाएंगी।
भारत से तनातनी के बीच बांग्लादेश का पाक के प्रति जबरदस्त प्रेम उमड़ रहा है। इस बीच बांग्लादेश में 14 सालों से जो कभी नहीं हुआ, मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार उसकी मंजूरी दे दी है। दरअसल बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच एक दशक से भी ज्यादा के बाद सीधी उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक बांग्लादेश की फ्लैग कैरियर, सरकारी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस, 29 जनवरी से ढाका और पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने जा रही है। दोनों देशों के बीच आखिरी बार 2012 में सीधी उड़ानें संचालित हुई थीं।
बांग्लादेशी अखबार दैनिक प्रोथोम आलो ने एयरलाइन द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के हवाले से बताया है कि शुरूआत में उड़ानें हफ्ते में दो बार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होंगी। फ्लाइट स्थानीय समय के अनुसार रात 8 बजे ढाका से रवाना होगी और रात 11 बजे कराची पहुंचेगी, जबकि वापसी की फ्लाइट रात 12 बजे कराची से रवाना होगी और सुबह 4.20 बजे ढाका पहुंचेगी।
बता दें कि फिलहाल दोनों देशों के बीच यात्रा करने वाले यात्री ज्यादातर दुबई या दोहा जैसे हब के जरिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर निर्भर रहते हैं। इस दौरान सफर में आठ से 22 घंटे तक लग सकते हैं। एयरलाइन ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "इस नए रूट के शुरू होने से बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच यात्रियों की यात्रा आसान और अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। यह व्यापार, पर्यटन और पारिवारिक यात्रा के लिए नए अवसर भी खोलेगा।"
इससे पहले पिछले साल अगस्त में पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार की ढाका यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच सीधी फ्लाइट्स को फिर से शुरू करने की योजना की घोषणा की गई थी।
खास बात यह है कि यह एक दशक से भी ज्यादा समय बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच इस तरह की पहली उच्च-स्तरीय बातचीत थी। वहीं इससे पहले नवंबर 2024 में कराची से बांग्लादेश के प्रमुख बंदरगाह चटगांव के लिए जहाजों के बीच भी परिचालन को भी मंजूरी दी गई थी।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




