
तालिबान के पाले में अब गेंद... युद्धविराम को लेकर गिड़गिड़ाने लगे पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अफगान तालिबान के साथ स्थायी युद्धविराम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि स्थायी संघर्ष विराम की गेंद अब अफगान तालिबान के पक्ष में है। आइये जानते हैं कि पाक पीएम ने और क्या कहा…
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अफगान तालिबान के साथ स्थायी युद्धविराम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि स्थायी संघर्ष विराम की 'गेंद' अब अफगान तालिबान के पक्ष में है। यह बयान 48 घंटे के अस्थायी युद्धविराम की घोषणा के ठीक एक दिन बाद आया है। शरीफ ने आगे जोर देकर कहा कि यदि अफगान तालिबान सरकार पाकिस्तान की शर्तों ( जैसे पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) आतंकियों का उन्मूलन और अफगान भूमि का हमलों की साजिश रचने के लिए उपयोग न करना) पर अगले 48 घंटों में अमल करती है, तो पाकिस्तान इसके लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने तालिबान शासन पर भारत के इशारे पर पाकिस्तान पर हमला करने का भी आरोप लगाया।

गौरतलब है कि पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि दोनों देश बुधवार शाम 6 बजे (स्थानीय समय) से 48 घंटे का अस्थायी युद्धविराम लागू करेंगे। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह अनुरोध काबुल की ओर से आया था। वहीं, अफगान तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि यह युद्धविराम 'पाकिस्तानी पक्ष के आग्रह' पर ही संभव हुआ।
बता दें कि युद्धविराम से पहले, अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र की सहायता मिशन ने कंधार के स्पिन बोल्डक इलाके में कम से कम 17 लोगों की मौत और 300 से ज्यादा के घायल होने का दावा किया था। दोनों देशों के बीच तनाव की जड़ पाकिस्तान का यह आरोप है कि अफगानिस्तान चरमपंथियों और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) जैसे आतंकी संगठनों के लिए सुरक्षित आश्रय प्रदान कर रहा है, जहां से पाकिस्तान पर हमलों की योजना बनाई जाती है। अफगानिस्तान इन दावों को सिरे से खारिज करता है।
न्यूज एजेंसी एएफपी से बात करते हुए पाकिस्तानी अधिकारियों ने को बताया कि सीमा के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों में रातभर कोई हिंसा की घटना दर्ज नहीं हुई और युद्धविराम अभी भी कायम है। पेशावर में एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने सूचना दी कि किसी भी संभावित सैन्य हलचल का सामना करने के लिए अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




