उसके जैसा बेटा पाकर कोई भी खुश होगा; ऑस्ट्रेलिया बोंडी बीच पर 16 लोगों के हत्यारे नवीद अकरम की मां
ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर अपने पिता के साथ मिलकर 16 लोगों की हत्या करने वाले नवीद अकरम की मां का बयान सामने आया है। उसकी मां ने कहा कि उसे नहीं पता कि उसका बेटा कैसे ऐसी हरकत कर गया, वह एक अच्छा लड़का है, जो कि न कभी शराब, सिगरेट को हाथ लगाता है और न ही कहीं ज्यादा बाहर जाता है।
Australia Bondi Beach: ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर खुले आम फायरिंग करने वाले दो आतंकियों की पहचान हो गई है। दोनों आतंकी बाप बेटे थे। इसमें से 50 वर्षीय साजिद की पुलिस को गोली से मौत हो गई है, जबकि 24 साल के नवीद अकरम को हिरासत में ले लिया गया है। ऑस्ट्रेलिया ने इस हमले को आतंकी हमला माना है और उसी हिसाब से इसकी जांच की जा रही है, इसकी बीच आतंकी की मां का बयान सामने आया है, जिसके मुताबिक उसका बेटा बहुत सीधा-साधा है, उसके पास किसी भी तरह का कोई हथियार तक नहीं है।
ऑस्ट्रेलियाई अखबार संडे मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक महिला ने बताया कि दोनों बाप-बेटे मछली पकड़ने का बोलकर निकले थे। पश्चिमी सिडनी में अपने घर पर मीडिया से बात करते हुए महिला ने घटना के पहले का पूरा विवरण दिया। उसने बताया कि कैसे हाल ही में उसके बेटे की नौकरी गई थी, इसकी वजह से वह थोड़ा परेशान था, लेकिन वह खुश था। कुछ घंटे पहले ही उसकी परिवार से बात हुई थी, जिसमें उसने बताया था कि वह स्कूबा डायविंग, तैराकी और मछली पकड़ने के लिए बोंडी बीच जाना चाहता है।
नवीद की मां वेरेना ने कहा, "उसके पास कोई हथियार नहीं है। वह तो अपने दोस्तों के साथ कहीं घूमने भी नहीं जाता, न ही शराब न सिगरेट पीता है, बुरी जगहों पर भी नहीं जाता है... वह बस अपने काम पर जाता, घर आता, कसरत करने जाता और बस... कोई भी मेरे बेटे जैसा बेटा पाकर खुश होगा, मेरा बेटा एक अच्छा लड़का है।"
गौरतलब है कि बोंडी बीच पर यह घटना यहूदियों के त्योहार हनुक्का के एक समारोह के दौरान हुई है। ऑस्ट्रेलिया ने इसे आधिकारिक रूप से आतंकी घटना माना है। इस हमले में शामिल नवीद और अकरम पाकिस्तानी मूल के हैं।
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि नवीद ऑस्ट्रेलिया के एक इस्लामिक सेंटर में कुरान की पढ़ाई की है। वह अपने परिवार के साथ ही पश्चिमी सिडनी में रहता था, उसका पिता अकरम एक फल की दुकान चलाता था। रविवार को हुई इस घटना में अभी तक 16 लोगों के मारे जाने की खबर है।
पूरी दुनिया ने इस घटना की कड़ी आलोचना की है। वहीं, इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना के लिए ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बनीज को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा फिलिस्तीन को एक राज्य के रूप में मान्यता देने की वजह से हमास का कट्टरवाद फैल रहा है।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



