US कर रहा ईरान पर हमले की प्लानिंग, रूस ने दे दी कड़े शब्दों में चेतावनी
ट्रंप के एक अनजान सलाहकार ने एक्सियोस को बताया कि उनके आस-पास के कुछ लोग उन्हें ईरान के साथ युद्ध में जाने के खिलाफ चेतावनी दे रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि अगले कुछ हफ्तों में कार्रवाई होने की 90 फीसदी संभावना है।
ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध की आशंकाओं के बीच अंतरराष्ट्रीय हलचल तेज हो गईं हैं। खबर है कि अब रूस ने चेतावनी दे दी है कि ईरान पर हमले के बुरे परिणाम अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर होंगे। यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब हाल ही में ईरान और रूस ने ओमान सागर और उत्तरी हिंद महासागर में संयुक्त नौसेना अभ्यास की घोषणा की है। हालांकि, युद्ध को लेकर अमेरिका की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
रूसी न्यूज एजेंसी TASS के अनुसार, रूसी विदेश मंत्री सार्गेई लावरोव ने हाल ही में अल अरबिया टेलीविजन को इंटरव्यू दिया था। उस दौरान उन्होंने चेतावनी दी है कि ईरान पर नया हमला हुआ तो अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए बुरे परिणाम होंगे। हमले को लेकर उन्होंने कहा, 'इसके परिणाम बुरे होंगे।' उन्होंने कहा, 'पहले भी ईरान पर हमले हो चुके हैं और IAEA के देखरेख वाले परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया था।'
परमाणु घटना को लेकर चेताया
लावरोव ने कहा कि जून 2025 में अमेरिका और इजरायल के हमले ने न सिर्फ IAEA और NPT को कमजोर किया, बल्कि परमाणु घटना का भी बड़ा जोखिम था। उन्होंने कहा, 'हमारे ईरानी सहयोगियों से मिले आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल स्थिति कमोबेश स्थिर है। हालांकि, परमाणु केंद्रों पर हुए हमलों ने ईरानियों को परमाणु सामग्री की भौतिक सुरक्षा के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया है। मैं फिर से दोहराता हूँ कि ये सामग्रियां IAEA के नियंत्रण में हैं और इन्हें 'छुआ' नहीं जा सकता।'
रूसी विदेश मंत्री के अनुसार, अमेरिका और इजरायल के ऐसे ऐक्शन सिर्फ जोखिम नहीं बढ़ाते, बल्कि IAEA की ताकत कमजोर करते हैं।
अमेरिका और ईरान में तनाव
एक्सियोस के मुताबिक मध्य पूर्व में काफी संख्या में अमेरिकी सेना मौजूद हैं। दो विमानवाहक पोत, एक दर्जन वॉरशिप, सैकड़ों लड़ाकू विमानों और कई एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किए गए हैं। ओपन-सोर्स ट्रैकिंग से पता चलता है कि 150 से ज्यादा कार्गो फ्लाइट्स हथियार और गोला-बारूद ले जा रही हैं। साथ ही एफ-35, एफ-22 और एफ-16 सहित 50 लड़ाकू विमान भी इस इलाके की ओर जा रहे हैं।
ट्रंप के एक अनजान सलाहकार ने एक्सियोस को बताया कि उनके आस-पास के कुछ लोग उन्हें ईरान के साथ युद्ध में जाने के खिलाफ चेतावनी दे रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि अगले कुछ हफ्तों में कार्रवाई होने की 90 फीसदी संभावना है। दो इजरायली अधिकारियों ने भी बताया कि इजरायल कुछ ही दिनों में युद्ध की तैयारी कर रहा है और सरकार बदलने के लिए एक अभियान चला रहा है।
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


