
सऊदी अरब में बड़ा हादसा, मक्का से मदीना जा रहे 43 भारतीयों की मौत
संक्षेप: सऊदी अरब में एक बड़े सड़क हादसे में कम से कम 43 भारतीयों के मारे जाने की आशंका है। जानकारी के मुताबिक यह बस मक्का से मदीना की ओर जा रही थी। इसमें 50 के करीब लोग सवार थे।
सऊदी अरब में एक बड़े सड़क हादसे में कम से कम 43 भारतीयों समेत कुल 45 लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के मुताबिक यह बस मक्का से मदीना की ओर जा रही थी। बस एक टैंकर से टकराकर आग का गोला बन गई। इसमें सवार सभी यात्रियों के मारे जाने की आशंका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे में मारे गए भारतीय हैदराबाद के रहने वाले थे।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक घटना करीब 1:30 am के आसपास की है। बस मुफरीहाट से गुजर रही थी। गल्फ न्यूज के मुताबिक दुर्घटना के वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे। बस में आग लगी तो लोग हड़बड़ा गए और अचानक बाहर भी नहीं निकल पाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक दुर्घटना में मारे गए लोगों में 11 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं।
सरकार ने मृतकों के परिवारों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है जो कि इस प्रकार है, +91 7997959754, +91 9912919545. वहीं सऊदी अरब में भारतीय दूतावास की तरफ से हेल्पलाइन नंबर 8002440003 जारी किया गया है।
तेलंगाना सरकार भी ऐक्टिव
तेलंगाना सरकार ने कहा है कि वह रियाद में भारतीय दूतावास के संपर्क में है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली के अधिकारियों को भी दूतावास के साथ संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बस मदीना पहुंचने ही वाली थी। शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर बस की टक्कर एक तेज रफ्तार टैंकर से हो गई। आशंका है कि टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ था। ऐसे में बस में आग लग गई और मौके पर ही 42 लोगों ने दम तोड़ दिया।
असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्र से की अपील
तेलंगाना के अधिकारियों का कहना है कि हादसे में मारे गए कई लोग हैदराबाद के बाजारघाट इलाके के रहने वालेथे। AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी केंद्र सरकार से दरख्वास्त की है कि मृतकों की पहचान और उनके शवों को भारत लाने को लेकर तत्काल एक्शन लिया जाए। उन्होंने रियाद में भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबू जॉर्ज से भी बात की। उन्होंने बताया, अबू ने पूरी जानकारी इकट्ठी करने और मृतकों की पहचान करवाने का आश्वासन दिया है। वहीं सऊदी अरब की ट्रैवेल एजेंसी ने बस में सवार यात्रियों की सूची दूतावास को सौंपी है।

लेखक के बारे में
Ankit Ojhaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




