
खुफिया नाकामी, जवाब तक नहीं दे पाए…पाकिस्तान सेना पर ही भड़का आसिम मुनीर का गुस्सा
अफगानिस्तान से झड़प को लेकर पाकिस्तान में माहौल गर्म है। जानकारी के मुताबिक फील्ड मार्शल आसिम मुनीर इसको लेकर काफी ज्यादा नाराज हैं। उन्होंने पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों को मीटिंग के लिए बुलाया और इसे खुफिया विभाग की नाकामी बताया।
अफगानिस्तान से झड़प को लेकर पाकिस्तान में माहौल गर्म है। जानकारी के मुताबिक फील्ड मार्शल आसिम मुनीर इसको लेकर काफी ज्यादा नाराज हैं। उन्होंने पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों को मीटिंग के लिए बुलाया और इसे खुफिया विभाग की नाकामी बताया। इस दौरान डूरंड लाइन पर अफगान तालिबान के हमलों को लेकर उन्होंने सवाल भी पूछे। सीएनएन-न्यूज18 के मुताबिक सभी जिम्मेदारों से अफगानिस्तान के हमलों को लेकर जवाब मांगा गया है।

क्यों नहीं की गई थी तैयारी
जानकारी के मुताबिक आसिम मुनीर ने अफगान-तालिबान से हमले को इंटेलिजेंस की विफलता बताया है। इसके अलावा उन्होंने इसे पाकिस्तान के पश्चिमी मोर्चे की नाकामी से भी जोड़ा और रणनीतिक स्तर पर कमी बताया। बताया जाता है कि मुनीर ने मीटिंग में शामिल सभी अफसरों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। पाकिस्तानी सेना के फील्ड मार्शल ने सवाल उठाया है कि इतने बड़े पैमाने पर हुए हमले की खुफिया रिपोर्ट आखिर क्यों नहीं मिली। इतना ही नहीं, मुनीर ने यह भी पूछा है कि तात्कालिक तौर पर जवाब देने के लिए कोई तैयारी क्यों नहीं की गई थी।
तल्ख था लहजा
बताया जाता है कि इस मीटिंग के दौरान पाकिस्तानी सैन्य प्रमुख का लहजा काफी तल्ख था। उन्होंने सभी अधिकारियों से कड़े सवाल पूछे और रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने आर्मी जनरल्स को बचाव के लिए रणनीति बनाने में विफल रहने पर भी घेरा। साथ ही सात दिनों के अंदर सभी से विस्तृत जवाब मांगा है। सभी से कहा गया है कि वह लापरवाहियों, वजहों और सुधार के लिए उठाए गए कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी दें। साथ ही सभी मोर्चे पर आगे किसी भी तरह का नुकसान न होने पाए, इसके लिए जरूरी कदम उठाने की ताकीद की है।
कहां-कहां हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक अफगान-तालिबान ने बड़े पैमाने पर पाकिस्तान पर हमला बोला था। कुल सात मोर्चों से हमला किया गया। इनमें अंगूर अड्डा, बजौर, कुर्रम, दीर, चित्रल, खैबर पख्तूनख्वा में वजीरिस्तान और बहराम चाह और बलोचिस्तान में चमन शामिल हैं। बताया जाता है कि इन हमलों में इंटेलीजेंस के साथ-साथ सीमा पर सैन्य की तैयारियों की विफलता भी सामने आई है।

लेखक के बारे में
Deepakलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


