ट्रंप की वॉर्निंग पर भड़का ईरान, तेल से भरे जहाज पर दाग दिया ड्रोन; कितना नुकसान

Deepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, जेरुसलम/वॉशिंगटन
share

तेहरान ने मंगलवार को दुबई के पास पूरी तरह से भरे तेल टैंकर शिप पर हमला किया और उसे जला दिया। दुबई के अधिकारियों ने कहाकि ड्रोन हमले के बाद कुवैत का झंडा लगे अल-सल्मी जहाज पर लगी आग को कंट्रोल कर लिया गया है।

ट्रंप की वॉर्निंग पर भड़का ईरान, तेल से भरे जहाज पर दाग दिया ड्रोन; कितना नुकसान

तेहरान ने मंगलवार को दुबई के पास पूरी तरह से भरे तेल टैंकर शिप पर हमला किया और उसे जला दिया। दुबई के अधिकारियों ने कहाकि ड्रोन हमले के बाद कुवैत का झंडा लगे अल-सल्मी जहाज पर लगी आग को कंट्रोल कर लिया गया है। अच्छी बात यह है कि तेल का कोई रिसाव नहीं हुआ और चालक दल को कोई चोट नहीं आई। जहाज के मालिक कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने कहाकि हमले में जहाज क्षतिग्रस्त हो गई थी। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद होर्मुज स्ट्रेट में यह सबसे ताजा घटना है।

रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने क्या कहा
एलएसईजी आंकड़ों के मुताबिक जहाज चीन के किंगदाओ की ओर बढ़ रहा था। निगरानी सेवा टैंकर ट्रैकर्स डॉट कॉम के मुताबिक इसमें 1.2 मिलियन बैरल सऊदी कच्चा तेल और 800,000 बैरल कुवैती कच्चा तेल था। अल-सल्मी संभवत: टारगेट नहीं था। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहाकि उन्होंने खाड़ी में एक कंटेनर जहाज को टारगेट किया था, क्योंकि उसका संबंध इजरायल से था। लेकिन ऐसा मालूम होता है कि ईरान सिंगापुर का झंडा लगे, हेफोंग एक्सप्रेस का जिक्र कर रहे थे। शिपिंग डेटा के मुताबिक यह अल-सल्मी के पास लंगर डाले हुए था।

क्या कर रहा है अमेरिका
उधर ईरान के खिलाफ संभावित अमेरिकी जमीनी अभियान की अटकलों के बीच, उभयचर आक्रमण पोत यूएसएस ट्रिपोली को हिंद महासागर में तैनात किया गया है। अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। सेंटकॉम द्वारा जारी एक तस्वीर में 45,000 टन वजनी युद्धपोत को रविवार को हिंद महासागर में नौवहन करते हुए दिखाया गया, हालांकि ईरान से इसकी सटीक दूरी का खुलासा नहीं किया गया। अमेरिका के रक्षा विभाग द्वारा 26 मार्च को साझा की गई तस्वीरों के अनुसार, ट्रिपोली पर 31वें समुद्री अभियान दल के लगभग 1,800 नौसैनिक तैनात हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिकी बल ईरान के खार्ग द्वीप को निशाना बना सकते हैं, जो देश के लगभग 90 प्रतिशत तेल निर्यात का प्रमुख केंद्र है। इसके जवाब में ईरान ने चेतावनी दी है कि किसी भी अमेरिकी सैनिक के उतरने की कोशिश पर उसे नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा और वैश्विक ऊर्जा ढांचे पर हमले तेज किए जाएंगे।

इसी बीच, सैन्य जमावड़े के तहत लगभग 2,200 नौसैनिकों के साथ 11वां नौसैनिक अभियान दल को भी पश्चिम एशिया की ओर भेजे जाने की खबर है। इसके अलावा 82वीं वायुसेना इकाई के करीब 1,000 सैनिकों को क्षेत्र में तैनात किए जाने की सूचना है, जो बढ़ते तनाव के बीच व्यापक अमेरिकी सैन्य तैयारी का संकेत देता है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।