
अमेरिका पाकिस्तान के साथ अपने रिश्ते बढ़ाना चाहता है, लेकिन... भारत से संबंधों पर क्या बोला US
रूबियो ने कहा कि यह एक मैच्योर, प्रैक्टिकल फॉरेन पॉलिसी का हिस्सा है। मुझे नहीं लगता कि हम पाकिस्तान के साथ जो कुछ भी कर रहे हैं, वह भारत के साथ हमारे रिश्ते या दोस्ती की कीमत पर है, जो गहरे, ऐतिहासिक और जरूरी हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान और अमेरिका के बीच मित्रता बढ़ी है। अमेरिका ने जहां भारत के खिलाफ टैरिफ वॉर छेड़ रखा है, तो पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर का अपने व्हाइट हाउस में स्वागत कर रहा है, जिससे वह दुनियाभर के निशाने पर आ गया है। अब अमेरिका दोनों देशों से संबंध को लेकर सफाई पेश कर रहा है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का कहना है कि अमेरिका पाकिस्तान के साथ अपने स्ट्रेटेजिक रिश्ते बढ़ाना चाहता है, लेकिन ये रिश्ते वॉशिंगटन के भारत के साथ रिश्तों की कीमत पर नहीं हैं।

रूबियो ने शनिवार को दोहा की फ्लाइट में रिपोर्टर्स से कहा कि जैसे भारत के उन देशों के साथ रिश्ते हैं जिनसे अमेरिका के नहीं हैं, वैसे ही इसका उलटा भी होता है। रूबियो ने कहा, "यह एक मैच्योर, प्रैक्टिकल फॉरेन पॉलिसी का हिस्सा है। मुझे नहीं लगता कि हम पाकिस्तान के साथ जो कुछ भी कर रहे हैं, वह भारत के साथ हमारे रिश्ते या दोस्ती की कीमत पर है, जो गहरे, ऐतिहासिक और जरूरी हैं।"
रूबियो ने कहा, “देखिए, हम भारत और बाकी सब चीजों से जुड़ी चुनौतियों से पूरी तरह वाकिफ हैं, लेकिन हमारा काम उन देशों के साथ पार्टनरशिप के मौके बनाने की कोशिश करना है जहां यह मुमकिन हो। और काउंटर-टेरर और इस तरह की चीजों पर पाकिस्तान के साथ पार्टनरशिप करने का हमारा लंबा इतिहास रहा है। अगर मुमकिन हो तो हम इसे इससे भी आगे बढ़ाना चाहेंगे।”
उन्होंने कहा कि भारत के साथ लड़ाई शुरू होने से पहले ही उन्होंने पाकिस्तान से बात की थी, और कहा कि अमेरिका एक अलायंस, एक स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फिर से बनाने में दिलचस्पी रखता है। ट्रंप ने भारत पर अमेरिका को होने वाले एक्सपोर्ट पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है। वहीं, पाकिस्तान पर 19 फीसदी टैरिफ लगाया है। इसके अलावा, अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ जरूरी मिनरल्स और तेल की माइनिंग के लिए भी डील की हैं। रूबियो रविवार को ट्रंप के साथ एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस समिट में शामिल होने के लिए मलेशिया पहुंचे हैं।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




