Hindi Newsविदेश न्यूज़America most dynamic lawyer Barry Pollack will fight Nicolas Maduro case secured release of Julian Assange
अदालत में मादुरो की पैरवी करेगा अमेरिका का सबसे धांसू वकील, हार को जीत में बदलने का रखता है हुनर

अदालत में मादुरो की पैरवी करेगा अमेरिका का सबसे धांसू वकील, हार को जीत में बदलने का रखता है हुनर

संक्षेप:

न्यूयॉर्क की अदालत में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अपने लिए नए वकील का चयन किया है। जूलियन असांजे को कानून के शिकंजे से निकालने वाले बैरी पॉलैक अब मादुरो की पैरवी करते नजर आएंगे।

Jan 05, 2026 11:27 pm ISTUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में वेनेजुएला पर हुए कार्रवाई की चर्चा दुनियाभर में है। वहां के राष्ट्रपति को उनके घर से उठाने के लिए दुनिया भर के कई देशों ने अमेरिका की आलोचना की है। इस सब के बाद सोमवार को मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क अदालत के सामने पेश किया गया और उनके ऊपर लगे हुए आरोप बताए गए। इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब मादुरो और अमेरिकी सरकार के बीच कड़े कानूनी संघर्ष के संकेत मिलने लगे। दरअसल, मादुरो ने अपने केस के लिए अमेरिका के सबसे हाई प्रोफाइल और विवादास्पद मामलों की पैरवी करने वाले वकील बैरी पोलैक को नियुक्त किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

आपको बता दें बैरी पोलैक विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को रिहा करवाने के लिए चर्चा में रहे हैं।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक पोलैक न्यूयॉर्क के मैनहैटन में मादुरो के खिलाफ दर्ज मामले में उनका बचाव करेंगे। सीएनएन ने इस मामले पर बताया कि सोमवार को जब न्यूयॉर्क की अदालत में मादुरो के ऊपर आरोप लगाए जा रहे थे, तब पोलैक वहां पहुंचे और अपने आपको मादुरो के वकील के रूप में पेश किया।

मादुरो पर क्या है आरोप?

वेनेजुएला में अपने घर से उठाए गए मादुरो के ऊपर अमेरिका ने नार्को आतंकवाद और कोकीन आयात की साजिश करने का आरोप लगाया है। मादुरो के ऊपर पिछले कई सालों से अमेरिका में केस तैयार किया जा रहा है। इसी के आधार पर अमेरिका सरकार उनकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है। अमेरिकी अदालत में मादुरो के ऊपर यह केस यूएसए बनाम कार्वाजाल-बारियोस के नाम से चल रहा है। इस केस को 92 वर्षीय जिला जज एल्विन हेलरस्टीन सुन रहे हैं, जो कि अपनी न्यायप्रियता के लिए जाने जाते हैं।

अमेरिकी सरकार की तरफ से मादुरो के ऊपर सिनाओला कार्टेल की मदद करने और तस्करों को सुरक्षित आवाजाही देने का आरोप है।

पोलैक की साख

अमेरिका की न्याय की दुनिया में बैरी पोलैक को एक चालाक और गहराई से सोचने वाले रणनीतिक वकील के रूप में जाना जाता है। मादुरो की कानूनी लड़ाई में उनकी उपस्थिति एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। खासतौर पर इस मामले की अहमियत के देखते हुए यह कदम और भी ज्यादा दिलचस्प हो गया है।

बैरी पोलैक का सबसे खास केस विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे के रूप में था। असांजे के ऊपर यूएस एस्पियोनाज एक्ट यानी अमेरिका के खिलाफ जासूसी करने के आरोप थे। बैरी ने एक प्ली डील के जरिए असांजे को तुरंत ही रिहा करवा लिया था।

बैरी को अमेरिका में एक ऐसे वकील के रूप में जाना जाता है, जो हारे हुए केस भी जीत जाता है। नामुमकिन समझे जाने वाले मामलों में भी अनुकूल नतीजे दिलाने की उनकी क्षमता ने उन्हें लोकप्रिय बनाया है। पोलैक की फर्म हैरिस, सेंट लॉरेंट एंड वेक्सलर के मुताबिक पिछले 30 सालों में उन्होंने कई कठिन जूरी मुकाबलों में जीत दर्ज की है।

बड़े और विवादास्पद मामलों के अलावा बैरी पोलैक को निशुल्क कानूनी सहायता देने के लिए भी जाना जाता है। उनकी फर्म के मुताबिक पोलैक ने मार्टिन टैंकलैफ नामक एक व्यक्ति को दोहरे हत्याकांड की सजा से भी आरोप मुक्त कराया था। वह व्यक्ति 17 साल से एक ऐसे जुर्म की सजा काट रहा था, जो कि उसने किया ही नहीं था।

मादुरो के लिए जहां बैरी पोलैक मैदान में हैं, वहीं मादुरो की पत्नी के लिए मार्क डॉनेली नामक वकील ने मोर्चा संभाला है।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को अमेरिका में इतने नामी-गिरामी वकीलों का साथ मिलना इस बात का सबूत है कि यह मामला अब लंबा चलेगा।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak
उपेन्द्र पिछले कुछ समय से लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर ट्रेनी कंटेंट प्रोड्यूसर जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली (2023-24 बैच) से पूरी की है। इससे पहले भोपाल के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से अपना ग्रैजुएशन पूरा किया। मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले हैं। अंतर्राष्ट्रीय संबंधों, राजनीति के साथ-साथ खेलों में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।