नए साल से पहले एयर इंडिया के विमान में बड़ा नाटक, सुरक्षा अधिकारियों ने पायलट को जबरन उतारा; क्यों?
एयरलाइन ने आश्वासन दिया है कि किसी भी पुष्टि किए गए उल्लंघन पर कंपनी की नीति के अनुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कंपनी ने अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सुरक्षा हर समय एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।
नए साल के जश्न से पहले कनाडा के वैंकूवर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक विमान के टेक ऑफ होने से पहले खूब नाटक हुआ। हुआ यूं कि जैसे ही विमान उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी सुरक्षा अधिकारी पायलट के पास आ पहुंचे और उन्हें सुरक्षा कारणों से विमान उड़ाने से मना कर दिया और जबरन फ्लाइट से उतार दिया। इससे पहले सुरक्षा अधिकारियों ने पायलट की जांच की, जिसमें उसे शराब पीए हुए पाया गया। यह घटना 23 दिसंबर 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI186 में हुई, जिससे यात्रियों को कुछ समय की देरी का सामना करना पड़ा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, वैंकूवर एयरपोर्ट के एक स्टाफ सदस्य ने कथित तौर पर पायलट को शराब पीते हुए या शराब खरीदते हुए देख लिया था, जिसके बाद कर्मचारी ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों द्वारा पायलट का ब्रेथलाइज़र टेस्ट किया गया, जिसमें वह फेल हो गया, जिसके कारण उसे फ्लाइट से उतार दिया गया। कनाडाई अधिकारियों ने विशेष रूप से पायलट की सुरक्षित रूप से ड्यूटी करने की क्षमता पर चिंता जताई, जिसके बाद उस व्यक्ति को आगे की पूछताछ के लिए ले जाया गया।
तुरंत वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था
कनाडाई अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पायलट की सुरक्षित रूप से उड़ान संचालित करने की क्षमता पर चिंता थी, इसलिए यह कदम उठाया गया। दूसरी तरफ, एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा नियमों के अनुसार तुरंत एक वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था की गई। नए पायलट की पहचान और तैनाती में समय लगने के कारण उड़ान में देरी हुई। एयरलाइन ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए माफी मांगी है और कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। इंतजार के दौरान यात्रियों को खाने-पीने की सुविधा और अन्य सहायता दी गई।
पायलट को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया
एयर इंडिया ने यह भी पुष्टि की कि जांच पूरी होने तक संबंधित पायलट को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है। एयरलाइन ने दोहराया कि वह नियमों के उल्लंघन पर “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाती है। एयर इंडिया ने कहा कि यदि किसी नियम के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो पायलट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आंतरिक प्रक्रियाओं की समीक्षा भी की जाएगी। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुरक्षा हमेशा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी।

लेखक के बारे में
Pramod Praveenलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




