
अफगानिस्तान के हिंदु कुश क्षेत्र में 6.2 तीव्रता का भूकंप, पाकिस्तान तक हिली धरती
संक्षेप: इस भूकंप से पहले भी हिंदू कुश क्षेत्र में रिक्टर पैमाने पर 6.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके झटके अफगानिस्तान की पाकिस्तान से लगती पूर्वी सीमा तक महसूस किए गए थे। इस भूकंप में अफगानिस्तान की हालत बहुत खराब हो गई थी। तालिबान सरकार के मुताबिक, इसमें मरने वालों की संख्या करीब 800 तक पहुंच गई थी।
अफगानिस्तान के हिंदु कुश क्षेत्र वाले इलाके में देर रात शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। अमेरिकी भू वैज्ञानिकों के मुताबिक यह झटके उत्तरी अफगानिस्तान में 28 किलोमीटर की गहराई से शुरू हुआ। इसका केंद्र मजार-ए-शरीफ शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर था। रिपोर्ट्स के मुताबिक देर रात 12:59 बजे काबुल, ईरान के मशहद और पाकिस्तान के इस्लामाबाद तक इस भूकंप के झटकों को महसूस किया गया। गौरतलब है कि अभी कुछ हफ्तों पहले ही अफगानिस्तान में जबरदस्त भूकंप आया था, जिसमें 800 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।

रविवार देर रात आए इस भूकंप के पहले शनिवार को भी झटके महसूस किए गए थे। उस वक्त रिएक्टर स्केल पर तीव्रता 4.9 मापी गई थी। रविवार देर रात आए भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई है। यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक आसपास के कई प्रांतों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। हालांकि, अभी फिलहाल किसी के घायल होने या कुछ नुकसान होने की खबर सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि इस भूकंप से पहले भी हिंदू कुश क्षेत्र में रिक्टर पैमाने पर 6.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके झटके अफगानिस्तान की पाकिस्तान से लगती पूर्वी सीमा तक महसूस किए गए थे। भूकंप का केंद्र जलालाबाद से 42 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में स्थित था।
इस भूकंप में अफगानिस्तान की हालत बहुत खराब हो गई थी। तालिबान सरकार के मुताबिक, इसमें मरने वालों की संख्या करीब 800 तक पहुंच गई थी। इस भूकंप को 2023 के बाद सबसे घातक भूकंप बताया गया था। भूकंप के कारण कुछ इलाकों में भूस्खलन भी हुआ और सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हुआ। सबसे ज्यादा हताहत कुनार प्रांत में हुए, जहाँ कई लोग खड़ी नदी घाटियों में रहते थे। अधिकारियों के अनुसार, इन घातक झटकों के बाद 6,700 से ज्यादा घर तबाह हो गए।
आपको बता दें, अफगानिस्तान भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्र में स्थित है और यहाँ अक्सर भूकंप आते रहते हैं। हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला यूरेशियन और भारतीय टेक्टोनिक प्लेटों के मिलन बिंदु के पास स्थित है, जिससे भूकंप ज्यादा आम और घातक हो जाते हैं।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




