90 अमेरिकी नेताओं का ऐलान, RSS और जुड़े संगठनों से नहीं लेंगे चंदा; मोहन भागवत के दौरे का रिएक्शन?

लाइव हिन्दुस्तान, वॉशिंगटन
share

संघ प्रमुख ने न्यूयॉर्क में 'वन वर्ल्ड: वन ह्यूमैनिटी फेथ लीडर्स समिट' को संबोधित करते हुए कहा कि अगर कोई हिंदू यह सोचता है कि भारत में मुसलमान नहीं होने चाहिए, तो वह हिंदू नहीं रह जाता।

Mohan Bhagwat
आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि विविधता में एकता भारत के डीएनए में है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क में कार्यक्रम के बाद अमेरिकी राजनीति में हलचल मच गई है। वहां के 90 नेताओं ने RSS से जुड़े लोगों और संस्थाओं से चंदा नहीं लेने का संकल्प लिया है। ऐसा संकल्प लेने वालों में भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना और प्रमिला जयपाल भी शामिल हैं। इन सभी ने RSS से जुड़े लोगों और संस्थाओं से मिलने वाले किसी भी तरह के चंदे को ठुकराने का फैसला किया है। यह संकल्प RSS प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को न्यूयॉर्क शहर के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में अलग-अलग धर्मों के बीच समझ और 'सार्वभौमिक एकता' को बढ़ावा देने के लिए मंच पर आने के कुछ दिनों बाद लिया गया है। दरअसल, इस संकल्प के पीछे का मकसद भागवत की अमेरिकी यात्रा का जवाब देना है।

दूसरी तरफ, 'हिंदू अमेरिकन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी' ने 90 अमेरिकी नेताओं की इस पहल की आलोचना की है और इसे "कट्टरपंथी वामपंथी संगठनों" का काम बताया है। कमेटी ने इसे "अमेरिका-विरोधी और हिंदू-विरोधी" भी करार दिया।

अभियान भागवत की अमेरिका और कनाडा यात्रा का जवाब

'हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स एक्शन' और 'साउथ एशियन अमेरिकन कोएलिशन टू रिन्यू डेमोक्रेसी एक्ट्स'(SACRED Acts) जैसे वकालत करने वाले समूहों द्वारा 31 अगस्त (सोमवार) को घोषित इस संकल्प के तहत, अमेरिका के आठ राज्यों के चुने हुए नेताओं और उम्मीदवारों ने RSS से जुड़े लोगों और सहयोगी संस्थाओं से मिलने वाले आर्थिक योगदान को ठुकराने का वादा किया है। दोनों समूहों की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह अभियान भागवत की अमेरिका और कनाडा यात्रा के जवाब में शुरू किया गया था।

अमेरिका के आठ राज्यों के नेता शामिल

विज्ञप्ति में कहा गया है, "RSS नेताओं की यात्रा के जवाब में, 'हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स एक्शन', 'SACRED Acts' और उनके सहयोगियों ने एक गैर-पक्षपाती संकल्प की घोषणा की है। इसमें डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों पार्टियों के नेताओं का एक बड़ा समूह शामिल है, जिसमें आठ राज्यों में संघीय, राज्य और स्थानीय/नगरपालिका स्तर के चुने हुए नेता और उम्मीदवार शामिल हैं।"

क्या है हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स एक्शन

बता दें कि 'हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स एक्शन' अमेरिका स्थित एक राजनीतिक वकालत समूह है। अपनी वेबसाइट पर यह खुद को ऐसे समूह के तौर पर बताता है जो "उन सभी हिंदुओं के लिए एक आंदोलन खड़ा कर रहा है जो लोकतंत्र, मानवाधिकारों और बहुलतावाद की रक्षा करना चाहते हैं, और जाति व्यवस्था और हिंदू राष्ट्रवाद को खत्म करना चाहते हैं।" वहीं, 'SACRED Acts' खुद को एक ऐसे गठबंधन के तौर पर बताता है जो लोकतंत्र और सामूहिक मुक्ति को आगे बढ़ाता है। यह मूल एक्शन रिसर्च और जन-शिक्षा के ज़रिए अमेरिका में श्वेत वर्चस्ववादी आंदोलनों और चरमपंथी दक्षिण एशियाई अमेरिकी समूहों के बीच गठजोड़ को उजागर करता है और उसे तोड़ता है।

छह पन्नों के इस संकल्प पर हस्ताक्षर करने वालों में अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य, राज्य के विधायक, मेयर, स्थानीय स्तर पर चुने गए नेता और डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों खेमों के उम्मीदवार शामिल हैं। इस प्रतिज्ञा में नेताओं से यह भी कहा गया है कि वे राजनीतिक हिंसा और डराने-धमकाने जैसी चीज़ों को नकारें और RSS से जुड़ी संस्थाओं से पहले मिला पैसा वापस कर दें या उसे "लोकतंत्र का समर्थन करने वाले" संगठनों को दे दें।

29 अगस्त को भागवत न्यूयॉर्क में थे

RSS से जुड़े राजनीतिक चंदे को ठुकराने की यह प्रतिज्ञा तब ली गई, जब संगठन के प्रमुख मोहन भागवत ने 29 अगस्त को न्यूयॉर्क शहर के मैनहट्टन इलाके में मैडिसन स्क्वायर गार्डन में हुए "यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन" कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम RSS की शताब्दी वर्ष की अंतरराष्ट्रीय पहुंच बढ़ाने की कोशिशों के तहत 'अमेरिकन हिंदूज़ फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग' (AHEAD फ़ोरम) ने आयोजित किया था।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़90 नेताओं का ऐलान, RSS और जुड़े संगठनों से नहीं लेंगे चंदा; ऐसा संकल्प क्यों?