24 घंटे में 7 बार धुआं-धुआं हुआ बलूचिस्तान; पाकिस्तान में क्या हो रहा है?
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 24 घंटों में कम से कम सात विस्फोट हुए हैं। इनमें से अधिकांश में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन एक निर्माण कंपनी के दो सुरक्षा गार्ड घायल हो गए।
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 24 घंटों में कम से कम सात विस्फोट हुए हैं। इनमें से अधिकांश में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन एक निर्माण कंपनी के दो सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। माना जा रहा है कि संदिग्ध बलूच विद्रोही गुटों ने राजधानी क्वेटा और डेरा मुराद जमाली में ये हमले किए। हालांकि अभी तक किसी ने जिम्मेवारी नहीं ली है।
स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अनुसार, शनिवार को विद्रोहियों ने क्वेटा में एक पुलिस चौकी पर हथगोले फेंके। इसके कुछ देर बाद आतंकवाद-रोधी विभाग (सीटीडी) के एक वाहन के पास आईईडी विस्फोट हुआ। शाम होते-होटे तीन और धमाके हुए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशंस ) आसिफ खान ने बताया कि क्वेटा के बाहरी इलाके लोहर करेज के पास रेलवे ट्रैक पर शक्तिशाली आईईडी विस्फोट किया गया, जिससे क्वेटा को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली मुख्य रेल लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एसएसपी खान के अनुसार, हमलावरों ने रेलवे ट्रैक पर आईईडी प्लांट कर दी थी और जैसे ही क्वेटा आने वाली ट्रेन नजदीक पहुंची, उन्होंने उसे उड़ा दिया। धमाके से ट्रैक पूरी तरह टूट गया और रेल यातायात ठप हो गया। इसी दिन डेरा मुराद जमाली में गश्त कर रहे पुलिस वाहन पर भी हथगोले फेंके गए। इसके अलावे क्वेटा के सारियाब रोड पर एक निर्माण कंपनी की साइट पर भी हथियारबंद लोगों ने हथगोला फेंका, जिससे वहां मौजूद भारी मशीनरी को नुकसान पहुंचा और दो निजी सुरक्षा गार्ड घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की इन घटनाओं की जिम्मेदारी किसी संगठन ने तुरंत नहीं ली, लेकिन रविवार सुबह विद्रोहियों ने फिर हमले शुरू कर दिए। बाइक सवार उग्रवादियों ने क्वेटा के मंजूर शहीद पुलिस स्टेशन पर दो हथगोले फेंके। एक हथगोला फट गया, जबकि दूसरे को बम निरोधक दस्ते ने बाद में निष्क्रिय कर दिया। हमलावरों ने केच बेग इलाके में पुलिस गश्ती चौकी के पास भी हथगोले फेंके।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




