शेख हसीना के लिए 17 नवंबर... शादी की सालगिरह से मौत की सजा तक का दर्दनाक संयोग
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के लिए 17 नवंबर का दिन कभी न भूलने वाला बन गया है। कारण मौत की सजा नहीं, बल्कि उनकी शादी की 58वीं सालगिरह है। ठीक आज ही के दिन 1967 में उन्होंने बांग्लादेश के प्रसिद्ध भौतिक विज्ञानी एमए वाजेद मियां से विवाह किया था।
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के लिए 17 नवंबर का दिन कभी न भूलने वाला बन गया है। कारण मौत की सजा नहीं, बल्कि उनकी शादी की 58वीं सालगिरह है। ठीक आज ही के दिन 1967 में उन्होंने बांग्लादेश के प्रसिद्ध भौतिक विज्ञानी एमए वाजेद मियां से विवाह किया था। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी) द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई। कई यूजर्स का आरोप है कि हसीना को दोषी ठहराने और फांसी की सजा देने के लिए यह तारीख जानबूझकर चुनी गई, ताकि उनके व्यक्तिगत जीवन को चोट पहुंचाई जा सके।
दरअसल, 23 अक्टूबर को सुनवाई समाप्त होने के बाद मूल फैसला 14 नवंबर को तय किया गया था। लेकिन 13 नवंबर को आईसीटी ने घोषणा की कि शेख हसीना और उनके दो प्रमुख सहयोगियों के खिलाफ मानवता के विरुद्ध अपराधों के मामले में 17 नवंबर को फैसला सुनाया जाएगा। वहीं कोर्ट फैसले के बाद बांग्लादेश का सेंट्रिस्ट नेशन टीवी ने फेसबुक पर लिखा कि 17 नवंबर हसीना के लिए एक ऐतिहासिक तारीख है, 1967 में शादी की सालगिरह से लेकर 2025 में मौत की सजा तक।
ढाका स्थित अखबार 'द हेडलाइन्स' ने सोशल मीडिया पर कॉमेंट किया कि यह तारीख एक महत्वपूर्ण न्यायिक फैसले में व्यक्तिगत भावना का आयाम जोड़ देती है। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के ऐतिहासिक मुकदमे का सामना करना पड़ा, जो 1967 में एमए वाजेद मिया के साथ उनकी शादी की सालगिरह था। इससे फैसले को भावनात्मक गहराई मिल गई।
क्या तारीख का चयन पूर्वनियोजित था?
ढाका क्रॉनिकल्स ने फेसबुक पर पोस्ट किया कि अपनी शादी की सालगिरह पर ही ढाका का विशेष न्यायाधिकरण पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ मानवता विरोधी अपराधों का फैसला सुना रहा है। वहीं, बांग्लादेश का प्रमुख दैनिक 'देश रूपांतोर' ने अपने पोर्टल पर लिखा कि सोशल मीडिया पर इस तारीख के चयन को लेकर खासी चर्चा हुई। कुछ लोग इसे संयोग मानते हैं, तो कुछ पूर्वनियोजित साजिश।
वहीं, फेसबुक पर एक यूजर ने लिखा कि डॉ मुहम्मद यूनुस बहुत चालाक हैं। फैसला कुछ दिन पहले होना था, लेकिन उन्होंने 17 नवंबर चुना, क्योंकि यह हसीना की शादी की सालगिरह है। एक अन्य यूजर ने तंज सकते हुए लिखा कि हमारी पूर्व प्रधानमंत्री, हत्यारी शेख हसीना को शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं।
शेख हसीना का वैवाहिक जीवन और पति वाजेद मिया
शेख मुजीबुर रहमान की दूसरी बेटी हसीना का विवाह 17 नवंबर 1967 को वाजेद मिया से हुआ था। वाजेद मिया बांग्लादेश परमाणु ऊर्जा आयोग के चेयरमैन बने और भौतिकी व राजनीति पर कई किताबें लिखीं, जिनमें उनके ससुर बंगबंधु मुजीबुर रहमान पर भी एक पुस्तक शामिल है। दोनों का बेटा सजीब वाजेद जॉय और बेटी साइमा वाजेद पुतुल है। वाजेद मिया का निधन मई 2009 में हुआ था।
ढाका विश्वविद्यालय की वेबसाइट के अनुसार, वाजेद मिया अप्रैल 1963 में पाकिस्तान परमाणु ऊर्जा आयोग में शामिल हुए और कराची के एटॉमिक एनर्जी रिसर्च सेंटर (एईआरसी) से जुड़े। पाकिस्तानी सरकार ने उनकी नौकरी 'अनुचित रूप से' समाप्त कर दी, जिसके बाद वे 1971 के मुक्ति संग्राम से पूर्व पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) लौट आए। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने बांग्लादेश परमाणु ऊर्जा आयोग में काम फिर शुरू किया।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


