गई ठंड फिर से लौटी, गिरा पारा
सर्दी फिर से अपने रूप में आने लगी है। पटना में सुबह से शाम तक चल रही पछुआ और उत्तरी हवा के कारण कनकनी बढ़ गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हो रही बारिश का भी असर राजधानी में दिखने को मिल रहा है।
सुबह में कोहरे के बाद दोपहर तक धुंध छाया रह रहा है। दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे गिरकर 20.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। रात का तापमान 10 डिग्री के नीचे पहुंचने के कारण ही कनकनी अचानक से अधिक महसूस हो रही है।
रेल पर सबसे अधिक असर
मौसम की मार रेल परिचालन पर सबसे अधिक पड़ रही है। कोहरे और ठंड के कारण ट्रेनें हर दिन लेट हो रही हैं। पटना से जाने वाली 11 ट्रेनें सोमवार को रद्द कर दिया गया है। इनमें 12369/12370 कुंभ एक्सप्रेस, 14004 नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस, 13119 सियालदह-दिल्ली एक्सप्रेस, 14223/14224 बुद्ध-पूर्णिमा एक्सप्रेस, 13007 उदयनआभा एक्सप्रेस, 15483/15484 महानंदा एक्सप्रेस और 13483/13484 फरक्का एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है।
सुबह से छाएं रहेंगे बादल
राजधानी में मंगलवार को सुबह में कोहरे के साथ आंशिक बादल छाए रहेंगे और दोपहर में धूप खिलेगी। आसमान साफ रहने के कारण शाम में अचानक से ठंड बढ़ जाएगी, जबकि बुधवार को फिर से बादल छाने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण कश्मीर से हिमाचल तक बर्फबारी के साथ बारिश भी होने की संभावना है। यही हवा दिल्ली से यूपी होकर बिहार पहुंचने के आसार है। इस कारण इस हफ्ते कनकनी महसूस होती रहेगी। तापमान सामान्य से नीचे बने रहने की संभावना है।
अन्य खबरें
पटना में कूड़े का पहाड़: वेतन नहीं मिला तो हड़ताल पर गए निगम के सफाईकर्मी
दिनभर भीषण जाम से रेंगती रहीं गाड़ियां
फिट रहने के लिए कितना जरूरी है नियमित व्यायाम