सीएए समर्थकों-विरोधियों के बीच दिल्ली में पथराव

Malay, Last updated: Mon, 24th Feb 2020, 12:47 PM IST
राजधानी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर दो गुटों के बीच रविवार को झड़प हो गई। जब इस बिल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों का सामना बिल के समर्थन में उतरे लोगों से हुआ तो...
file photo

राजधानी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर दो गुटों के बीच रविवार को झड़प हो गई। जब इस बिल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों का सामना बिल के समर्थन में उतरे लोगों से हुआ तो दोनों गुट आपस में भिड़ गए और जमकर पत्थरबाजी की। जाफराबाद से सटे मौजपुर में दोनों समूहों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के निकट सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने सीलमपुर, मौजपुर और यमुना विहार को जोड़ने वाली सड़क को बंद कर दिया था, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। जाफराबाद और चांदबाग की सड़कें खुलवाने की मांग करते हुए रविवार शाम भाजपा नेता कपिल मिश्रा और उनके समर्थक सड़क पर उतर आए और धरने पर बैठ गए। इसके बाद दोनों गुटों में भिड़ंत हो गई। मौजपुर में तनाव बढ़ने और पथराव के बाद मौजपुर-बाबरपुर मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया है।

जाफराबाद मेट्रो के नीचे प्रदर्शन : शनिवार देर रात करीबन 300 महिलाओं ने जाफराबाद मेट्रो के नीचे प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था, जिसके बाद वहां बड़ी संख्या में पुलिस के जवान और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया। महिला प्रदर्शनकारियों को देखते हुए महिला जवानों को भी तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सीलमपुर को मौजपुर और यमुना विहार से जोड़ने वाली सड़क को जाम कर दिया है। 

कपिल मिश्रा का विवादित ट्वीट
भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने विवादित ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि जाफराबाद, एक और इलाका जहां अब भारत का कानून चलना बंद हो गया है। सही कहा था मोदी जी ने, शाहीनबाग एक प्रयोग था। एक-एक करके सड़कों, बाजारों, मुहल्लों को खोने के लिए तैयार रहिए। चुप रहिए, जब तक आपके दरवाजे तक ना आ जाएं। 

मुजफ्फरपुर में मारपीट, दरभंगा में रोकी ट्रेन
सीएए के खिलाफ भीम आर्मी के भारत बंद के दौरान काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के आमगोला में बंद समर्थक और स्थानीय दुकानदार में झड़प हो गयी। इसमें दोनों ओर से कई लोग चोटिल हुए। वहीं, दरभंगा में बंद समर्थकों ने बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट व समस्तीपुर-जयनगर सवारी गाड़ी कुछ देर के लिए रोक दिया।

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें