अधिक भूख लगने की ये हो सकती है वजह, जानें इसके कारण और बचने के उपाय

Aparajita, Last updated: Tue, 6th Aug 2019, 2:34 PM IST
यदि आप अपने खाने में प्रोटीन और फाइबर युक्त भोजन नहीं लेते हैं, तो आपको बार-बार भूख लग सकती है। प्रोटीन और फाइबर युक्त आहार खाने से पेट देर तक भरा रहता है, पर अगर आपके शरीर में इन दोनों चीजों की कमी...
hungry

यदि आप अपने खाने में प्रोटीन और फाइबर युक्त भोजन नहीं लेते हैं, तो आपको बार-बार भूख लग सकती है। प्रोटीन और फाइबर युक्त आहार खाने से पेट देर तक भरा रहता है, पर अगर आपके शरीर में इन दोनों चीजों की कमी होती है, तो आपको हर समय भूखे होने का एहसास होता रहता है। इसलिए जरूरी है कि आप अपने नाश्ते में इन दोनों को शामिल करें। बहुत से लोगों की आदत सुबह के समय नाश्ता नहीं करने की होती है। अगर सुबह के समय नाश्ता नहीं करते हैं, तो इससे आपकी सेहत को नुकसान होने के साथ भूख का भी एहसास होता है।

कैलोरी युक्त भोजन का सेवन 
शरीर को कार्य करने के लिए संपूर्ण आहार की आवश्यकता होती है। कम कैलोरी वाले भोजन का सेवन करने से ज्यादा भूख लगती है। हर पल ऐसा लगता है, जैसे खाना नहीं खाया। इस समस्या से राहत पाने के लिए कैलोरी से भरपूर भोजन खाएं।

सुबह का नाश्ता है जरूरी 
सुबह का नाश्ता हमारे लिए बेहद जरूरी होता है, क्योंकि वह हमें ऊर्जावान बनाए रखता है। जब हम सही मात्रा में नाश्ता करते हैं, तो हमें बार-बार भूख भी नहीं लगती। कुछ लोग सुबह का खाना नहीं खाते। इससे शरीर को अनेक समस्याओं का सामना करने के साथ ही हर वक्त भूखे होने का एहसास होता है।

जल्दी-जल्दी न खाएं 
ऑफिस जाने के चक्कर में कुछ लोग खाना जल्दी-जल्दी खाते हैं। बिना चबाएं खाना खाने से वह पचता नहीं है। इससे पेट संबंधित समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में बहुत जरूरी है कि खाना हमेशा चबा-चबा कर ही खाएं, ताकि पचने में समस्या न हो। खाना जितना जल्दी और अच्छे से पचेगा, भूख उतनी ही कम लगेगी। 

ज्यादा खाने की आदत 
जब बच्चा कम खा रहा होता है, तो मां-बाप को चिंता सताने लगती है। वे बच्चे को हर थोड़ी देर में कुछ भी खिलाने के लिए परेशान रहते हैं। इससे बच्चे के बड़े होने पर उसे ज्यादा खाने की आदत पड़ जाती है।

कारण हैं अनेक
पेट में कीड़े 
कई बार आंतों के कीड़ों के कारण भी अधिक भूख लगती है। ये कीड़े खासतौर पर टेपवर्म शरीर के अंदर लंबे समय तक रह जाते हैं और इसका पता भी नहीं चलता। ये परजीवी आपके शरीर से सभी आवश्यक पोषण ले लेते हैं और आपको फैट व शुगर दे देते हैं।

हाइपोथायरायडिज्म
लगातार भूख लगने का एक कारण हाइपोथायरायडिज्म भी हो सकता है। इसमें थाइरॉएड की वजह से शरीर में हमार्ेन का स्तर बढ़ जाता है और भूख लगने लगती है। 

हाइपोग्लाइसीमिया
हाइपोग्लाइसीमिया यानी लो शुगर लेवल भी इसका कारण हो सकता है। इसमें शरीर में ब्लड शुगर का लेवल कम हो जाता है, जिसकी वजह से भूख ज्यादा लगती है।

दवाएं
अगर एंटीबायटिक या एलर्जी की दवा ले रहे हैं, तो इसका कोई दुष्प्रभाव हो सकता है, जिसकी वजह से आपको ज्यादा भूख लग सकती है।

भूख होगी नियंत्रित
कुछ ऐसी जड़ी-बूटियां हैं, जिन्हें आप अपने रोजाना के भोजन में शामिल कर अपनी भूख को नियंत्रित कर सकते हैं। 

अदरक 
यह भोजन की इच्छा को नियंत्रित करती है। अदरक के सेवन से आपका ब्लड शुगर भी नियंत्रित होता है। 

दालचीनी 
दालचीनी न सिर्फ भूख को नियंत्रित करती है, बल्कि ब्लड शुगर को भी नियंत्रित करती है। इससे लंबे समय तक पेट भरे होने का एहसास होता है। 

हरी मिर्च 
यह पेट को भरा महसूस कराने में मदद करती है। इसमें कैप्सेइसिन नामक एक यौगिक होता है, जो मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है।

लहसुन 
यह भूख को नियंत्रित करता है। लहसुन का सेवन करने से मस्तिष्क को एक संकेत जाता है कि पेट भरा हुआ है।
 

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें