हिन्दुस्तान मिशन शक्तिः महोबा में ममता के प्रयास से 50 महिलाओं को मिला रोजगार
महोबा में स्नातक पास ममता ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का मिशन चला रखा है। उनके प्रयास से 50 महिलाओं को रोजगार मिला है। दस महिलाएं सार्वजनिक शौचालय के रखरखाव में लगी हैं...
महोबा में स्नातक पास ममता ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का मिशन चला रखा है। उनके प्रयास से 50 महिलाओं को रोजगार मिला है। दस महिलाएं सार्वजनिक शौचालय के रखरखाव में लगी हैं तो 40 महिलाओं की पोषाहार वितरण में ड्यूटी लगाई गई है। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और बचत के लिए जागरूक करने की मुहिम से पहचान बना चुकीं ममता से महिलाएं रोजगार संबंधी जानकारी भी लेती हैं।
कबरई विकास खंड के चुरबुरा गांव की ममता दो साल से इस काम में लगी हैं। उनका कहना है कि आत्मनिर्भर बनकर महिलाएं अपने अधिकार की रक्षा कर सकती हैं। उन्होंने समूह से महिलाओं को जोड़कर रोजगार और बचत करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।। उनका कहना है कि सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही है मगर जानकारी के अभाव में महिलाओं इससे अनजान रहती हैं। वह और समूह से जुड़ी महिलाएं आसपास के गांवों में महिलाओं को इसकी जानकारी देती हैं। उन्हें जागरूक कर स्वावलंबन की राह पर चलने के लिए मदद भी जाती है। ग्रामीण क्षेत्र में सीमित संसाधनों में ही खुद को साबित करना होता है। गांवों की कम पढ़ी लिखीं महिलाओं को आत्मनिर्भरता को प्रेरित करने के लिए विभाग ममता को सम्मानित भी कर चुका है।