फोटो गैलरी

Hindi News हिन्दुस्तान मिशन शक्ति लखनऊहिन्दुस्तान मिशन शक्ति का मिला साथ तो अबलाओं ने तोड़ी चुप्पी

हिन्दुस्तान मिशन शक्ति का मिला साथ तो अबलाओं ने तोड़ी चुप्पी

हरदोई। हिन्दुस्तान संवाद शर्म और झिझक के चलते अपने उपर हो रहे अत्याचारों को...

हिन्दुस्तान मिशन शक्ति का मिला साथ तो अबलाओं ने तोड़ी चुप्पी
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊWed, 25 Nov 2020 10:44 PM
ऐप पर पढ़ें

हरदोई। हिन्दुस्तान संवाद

शर्म और झिझक के चलते अपने उपर हो रहे अत्याचारों को सहन कर रही महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान का साथ मिला तो उन्होने बेबाकी से अपनी दास्तान जिला प्रशासन को सुनाई। डीएम अविनाश कुमार ने बताया निर्धारित समय में बीस से अधिक फोन कॉल्स आए जिन्हे गंभीरता से सुना गया। महिलाओं को तत्काल ही पुलिस व कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई गई। कुछ समस्याओं का समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

आजाद नगर की कल्पना ने डीएम को फोन कर बताया उसके पति आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करते हैं। अब खेत भी बेंच रहे हैं। ऐसे में उसे तत्काल ही कानूनी व पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने को आश्वस्त किया गया। मल्लावां थाना क्षेत्र के अरवल से पूनम ने कहा उसके साथ घरेलू हिंसा की जाती है। गर्भावस्था में उसे घर से निकाल दिया गया। अब उसे खर्चा भी नहीं दिया जा रहा है। डीएम ने चिकित्सीय व कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश जिला प्रोबेशन अधिकारी को दिए।

इसी तरह बावन ब्लॉक क्षेत्र के कोइलिया गांव की राधा ने पति और सास पर प्रताणित करने का आरोप लगाया। डीएम अविनाश कुमार ने पुलिस भेज कर मामले की जांच करवाने व त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। टोंडरपुर के हैबतपुर निवासी मोना देवी ने ज्ञानेंद्र सिंह व उसके परिवार के लोगों पर उसके, उसकी मां व बहन के साथ मारपीट करने व घर तोड़ने का भी आरोप लगाया। कहा इलाकाई पुलिस ने उसका पक्ष अनसुना करते हुए मामले में जबरन सुलह करवा दी, मामले की दोबारा जांच के निर्देश दिए गए।

इस दौरान जिला प्रोबेधन अधिकारी सुशील कुमार सिंह, सहायक सूचना अधिकारी दिव्या निगम, संरक्षण अधिकारी शैलेंद्र पाठक, विधि सहपरिविक्षा अधिकारी संजीव श्रीवास्तव, महिला कल्याण अधिकारी प्रियंका पांडे मौजूद रहे।

मिशन शक्ति अभियान के तहत पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को डीएम ने गंभीरता के साथ सुना। महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो इसके लिए पुलिस व अन्य सहायता भी उपलब्ध करवाई गई। कई महिलाओं ने फोन कर नौकरी व आवास की समस्याओं को डीएम के सामने रखा।

डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत घरेलू हिंसा से संबधित चार कॉल्स आई। प्रताणना संबधी एक कॉल व दो कॉल्स अन्य मामलों की आई। दो महिलाओं ने स्वंय उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के बारे में बताया। जो मामले आए हैं उनको प्राथमिकता से लेकर समाधान कराया जाएगा। सरकार की ओर से महिलाओं को अपनी बात उन तक पहुंचाने के लिए सीधा मंच दिया गया है। यह पहल वास्तव में महिलाओं को नई शक्ति प्रदान करेगी।

बावन विकास खंड के गांव मजरेटा सौहा निवासी नागवती ने बताया कि उसके पति की मौत 2017 में हुई थी। तब से उनका मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए चक्कर लगा रही है। लेकिन अब तक प्रमाणपत्र नहीं बन पाया। इस पर जिलाधिकारी ने बावन के खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि प्राथमिकता से इस मामले की जांच कराकर पीड़िता को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराएं।

पिहानी ब्लाक क्षेत्र के गांव नेवादा मजरा नारीखेड़ा निवासी उजाला ने बताया कि सामूहिक विवाह योजना के तहत उसका विवाह हुआ था। इसलिए से सामूहिक विवाह योजना के तहत धनराशि दिलाई जाए। जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल आख्या देकर समाधान कराने की जिम्मेदारी दी गई।

शाहाबाद कोतवाली के गांव हैबतपुर निवासी मोना ने बताया कि दबंग ने उसे व उसके परिवार को पीटा। घर में तोड़फोड़ की गई। उसके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे थाने में बुलाकर जबरदस्ती सुलह करा दी गई। डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया। अब इस केस को महिला थाने की पुलिस के हवाले किया गया। महिला थाना पुलिस मामले में न्यायोचित कार्रवाई का दायित्व निभाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें